इंदौर में दो शराब दुकानों को लेकर एमआईसी मेंबर ने विरोध जताया है। इसे लेकर वे पहले भी कलेक्टर को पत्र लिख चुके हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने बताया कि लगातार लोगों द्वारा उन्हें शराब दुकानों की शिकायतें की जा रही हैं। एमआईसी मेंबर व वार्ड 64 के पार्षद मनीष शर्मा ‘मामा’ ने कहा कि तीन इमली और साजन नगर में वाइन शॉप हैं, जिनके आसपास कई कॉलोनियां और बस्तियां हैं। यहां से महिलाओं और बच्चों का रोज आना-जाना होता है।
टिप्पणी करने का लगाया आरोप
पार्षद मनीष शर्मा ‘मामा’ ने बताया कि यहां आने-जाने का रास्ता एक है। कई लोग वाइन शॉप के बाहर खड़े होकर शराब पीते हैं। कई महिलाओं ने शिकायत की हैं कि यहां से निकलने के दौरान शराब पीने वाले लोग टिप्पणी भी करते हैं। रोड पर ही गाड़ियां खड़ी कर दी जाती है, जिसके कारण ट्रैफिक जाम भी होता है।
सीएम को भी देंगे ज्ञापन
एमआईसी मेंबर मनीष शर्मा ने बताया कि वाइन शॉप हटाने को लेकर कलेक्टर शिवम वर्मा को 12 मार्च को लेटर लिख चुके हैं, लेकिन अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसे देखते हुए अब सीएम डॉ.मोहन यादव को ज्ञापन दिया जाएगा।
