नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी मेले में पहुंचकर की खरीददारी, अनेक संत और महामंडलेश्वर भी पहुंचे प्रेम मंदिर में आरती करने

इंदौर दशहरा मैदान स्थित ‘अवध लोक’ पर चल रहे सबके राम महोत्सव में राष्ट्रभक्ति, रामभक्ति एवं संस्कृति का अनूठा समन्वय देखने को मिला जब वन्दे मातरम के शताब्दी वर्ष और शहीद दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों ने संघ गीत और देशभक्ति से प्रेरित ‘मेरा रंग दे बसंती चोला….’ गीत सहित अपनी प्रस्तुतियों से हजारों दर्शकों को भाव विभोर बनाए रखा। स्वर संगम के प्रतिभावान बच्चों ने राम संकीर्तन एवं देशभक्ति से लबरेज गीतों से सबका मन मोह लिया। मेले में दिनोंदिन दर्शकों की संख्या बढती जा रही है। शाम होते ही मेले में लगे स्टाल्स पर ग्राहकों के हुजूम उमड़ने लगते हैं। पूवोत्तर भारत के राज्यों से आए कलाकार और महिला उद्यमियों के उत्पाद काफी पसंद किए जा रहे हैं। वृन्दावन के प्रेम मंदिर की प्रतिकृति में स्थापित राम दरबार की पूजा-अर्चना एवं आरती के लिए महामंडलेश्वर राधे राधे बाबा, महामंडलेश्वर पवनदास महाराज, राज्य के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एवं विभिन्न ब्राह्मण संगठनों के पदाधिकारियों ने भी शामिल होकर प्रदेश में सुख, शांति एवं सद्भाव के लिए प्रार्थना की।
सबके राम लोक कल्याण समिति के संयोजक महेन्द्रसिंह चौहान एवं श्रीमती प्रवीणा अग्निहोत्री ने बताया कि महोत्सव में मंगलवार को सुबह से लेकर शाम तक विभिन्न कार्यक्रमों की धूम मची रही। सुबह योग, गौपूजन, लक्ष्मीनारायण महायज्ञ में वेद की ऋचाओं और विभिन्न मंत्रों एवं श्लोकों की मंगल ध्वनि से समूचा अवध लोक गुंजायमान बना रहा। दोपहर में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर और शाम को रामधुन एवं राम दरबार की महाआरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पुण्य लाभ उठाया।
महाआरती में राज्य के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, चारभुजा सेवा मंडल के अध्यक्ष घनश्याम वैष्णव, करणी सेना के प्रदेशाध्यक्ष रौनक ठाकुर, नागदाह ब्राह्मण समाज के प्रताप दुबे, ब्राह्मण सेवा संगठन से पं. सत्येन्द्र शर्मा, भाजपा नेता हरिनारायण यादव, मोहन सेंगर, पूर्व विधायक जीतू जिराती सहित अनेक विशिष्ट लोगों ने भाग लिया। राम दरबार के दर्शन-पूजन एवं आरती करने के लिए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ एवं विश्व हिन्दू परिषद के इंदौर-उज्जैन प्रभाग के अनेक पदाधिकारी भी शामिल हुए। महायज्ञ, परिक्रमा एवं प्रेम मंदिर में दर्शन-पूजन करने के लिए अनेक दिव्यांग बच्चे भी शामिल हुए। इन बच्चों ने मेला स्थल का भी अवलोकन किया और अपनी पसंद के व्यंजनों का भी जी भरकर लुत्फ उठाया। विजयवर्गीय ने मेले में लगे स्टाल्स पर पहुंचकर अपनी पसंद की चीजें भी खरीदी। मेले में स्वदेशी वस्तुओं के स्टाल्स भी खूब पसंद किए जा रहे हैं। धार्मिक साहित्य की दुकानें भी आकर्षक का केंद्र बनी हुई हैं। सेल्फी पॉइंट युवाओं को लुभा रहे हैं।
आज के कार्यक्रम – दशहरा मैदान पर चल रहे सबके राम महोत्सव में प्रतिदिन सुबह 6 से 8 बजे तक योगासन, 8 से 9 बजे तक गौपूजन, 9 से 11 बजे तक लक्ष्मीनारायण महायज्ञ, दोपहर में 2 बजे से रात 11 बजे तक मेला, शाम 5 से 7 बजे तक प्रतिदिन भारतीय चिकित्सा पद्धति पंचकर्म से निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, 6 बजे रामधुन, 7 बजे आरती, 8 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। महोत्सव में 27 मार्च तक अनेक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में 25 मार्च को अपूर्वा पांडे द्वारा नृत्य नाटिका, 26 को राम अर्चना और 27 मार्च को रामायण पर आधारित नृत्य नाटिका का आयोजन होगा जिसमें 5 वर्ष से 55 वर्ष आयु तक के प्रतिभागी भाग लेंगे।
