अलसुबह तीन हजार से अधिक साईं भक्त सज-धजकर हुए शामिल, समूचा मार्ग गूंजता रहा जयघोष से
इंदौर
बड़ा गणपति चौराहा से छत्रीबाग साईं मंदिर तक गुरुवार को अलसुबह निकली साईं बाबा की पालकी यात्रा और प्रभात फेरी ने नए कीर्तिमान स्थापित कर दिए। तीन हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने सुबह 5.30 बजे से बड़ा गणपति पहुंचकर बाबा की सुसज्जित पालकी के पूजन, दर्शन और अभिषेक का ऐसा सिलसिला शुरू किया जो छत्रीबाग साईं मंदिर तक निरंतर चलता रहा। शहर के करीब 25 संतों महंतों और विद्वानों के सानिध्य में पालकी के पूजन के साथ शुरू हुई यह अनूठी प्रभात फेरी पूरे समय श्रद्धा, आस्था और भक्ति के रंग में सराबोर बनी रही। समूचा क्षेत्र साईं बाबा के जयकारों से गुंजायमान बना रहा। पालकी यात्रा जहाँ-जहाँ से गुजरी, भक्तों ने पलक पावडे बिछाकर, पुष्प वर्षा कर, रंगोली सजाकर और दीपो की झिलमिल कतारें बनाकर साईं भक्तों की अगवानी की। शिर्डी से लाई गई साईं बाबा की पवित्र चादर आकर्षण का केंद्र बनी रही। साईं भक्त ब्रह्मलीन विनीता पाठक को समर्पित इस यात्रा में शहर के 200 से अधिक साईं मंदिरों के श्रद्धालु शामिल हुए।
केन्द्रीय साईं सेवा समिति के प्रमुख और इस आयोजन के सूत्रधार गौतम सुरेन्द्र पाठक, प्रदीप यादव एवं समीर जोशी ने बताया कि द्वारा गत 2 मार्च से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में साईं बाबा की पालकी एवं प्रभात फेरी के 24 दिवसीय आयोजन के समापन के पश्चात साईं भक्तों ने गुरुवार को साईं बाबा को अपना नमन, वन्दन और अभिनन्दन समर्पित करने के लिए बड़ा गणपति चौराहे पर सुबह से ही मजमा लगाना शुरू कर दिया था। शहर के दूर-दूर के क्षेत्रों से परम्परागत परिधान में सज-धजकर आए महिला-पुरुषों ने बाबा की पालकी के दर्शन पूजन किए और ढोल ढमाकों, बैंड बाजों, राम दरबार की सवारी, उज्जैन की डमरू झांज मंडली, भस्म रमैया भजन मंडली, आदिवासी नृत्य मंडली, गरबा एवं भजन मंडल के भक्तों की दीवानगी और भजन गायकों की मनोहारी प्रस्तुतियों पर नाचते गाते हुए अपनी यात्रा प्रारम्भ की। साईं भक्त चंदू कुंजीर एवं आलोक खादीवाला ने बताया कि बड़ा गणपति से मल्हारगंज, टोरी कोर्नर, गौराकुंड, सीतलामाता बाजार, नरसिंह बाजार चौराहा होते हुए साईं भक्तों का यह काफिला जैसे ही छत्रीबाग साईं मंदिर पहुंचा, भक्तों का जोश पूरे शबाब पर पहुँच गया। बड़ी देर तक यहाँ बाबा के जयघोष के बीच आरती और पूजन का सिलसिला चलता रहा। इस बीच मार्ग में अनेक स्थानों पर अस्थायी मंच लगाकर बाबा की पालकी के पूजन और साईं भक्तों पर पुष्प वर्षा के दृश्य पूरे समय देखने को मिले।
यात्रा की लम्बाई और भक्तों की संख्या का अनुमान इस तथ्य से लगाया जा सकता है कि सुबह 6 बजे बड़ा गणपति से शुरू हुई करीब 2 किमी दूरी की पालकी यात्रा छत्रीबाग साईं मंदिर तक 10 बजे बाद पहुंची। यात्रा में पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, कांग्रेस नेत्री अर्चना जायसवाल, भाजपा नेत्री स्वाति काशिद, पंकज फतेहचंदानी, वासुदेव चावला, निक्की चौधरी, राहुल चौहान, लक्की वर्मा, बसंत सावले, सुनील खंडागले, मोहन पहलवान, संतोष भुसारी, ज्ञानेश्वर होल्कर, अशोक गायकवाड, बल्लू राठोर, संजय शर्मा, पूरब कपूर, चेतन जेठालिया, मोहन पालीवाल, राजीव सूरी, अभिषेक जोशी, रत्नेश पुरी, सन्नी पठारे, दिलीप चावला सहित बड़ी संख्य में शहर के विभिन्न साईं मंदिरों से जुड़े श्रद्धालु शामिल रहे। छत्रीबाग साईं मंदिर पर हुई महाआरती में सौरभ यादव, तरुण केतके, मुकेश कराडिया, जयदीप फणसे, भुरु यादव, नीरज यादव, पिंटू यादव, प्रतीक आमेरिया, सुनील वालेकर, राजेश परमार, विनय यादव, नितिन गुप्ता, राहुल गौड़, टिन्नू पाल पहलवान, महेश शाह, भगवान वाकोडे, दिलीप बोरासी, शंकरलाल चौधरी तथा मातृशक्ति की ओर से लतिका चंद्रातेरे, उषा सिसोदिया, संगीता पांचाल, अनु जोशी, वर्षा जैन, पूनम चावला, नीरजा वासनिक, दुर्गा कराडिया, निशा चौहान, निशा चौधरी सहित बड़ी संख्या में अपनी भागीदारी दर्ज कराई । सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रभात फेरी और पालकी यात्रा की व्यवस्थाएं संभाली।
सुबह निकाली प्रभात फेरी की प्रशंसा – शहर की यातायात व्यवस्था में बाधा नहीं पहुंचे इस उद्देश्य से इस बार यह पालकी यात्रा शाम के बजाय सुबह निकाली गई, जिसकी सभी साईं भक्तों और विभिन्न संगठनों ने प्रशंसा की। अनेक संगठनों ने यात्रा के आयोजक गौतम पाठक को फ़ोन कर बधाई देते हुए सुझाव दिया कि अन्य संस्थाओं को भी अपनी यात्राएं सुबह के समय निकालना चाहिए।

