इन्दौर। खुड़ैल थाना इलाके ग्राम खेमाना में एक किसान द्वारा फांसी लगाकर जान दे दी।जहां एक ओर घर में धार्मिक आयोजन की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं दूसरी ओर घर के सदस्य ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के वक्त घर में कथा और भंडारे का कार्यक्रम चल रहा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान भागवत सिंह पिता रूपसिंह, (38)निवासी ग्राम खेमाना के रूप में हुई है। भागवत सिंह पेशे से किसान थे। शनिवार को उनके घर पर विशेष धार्मिक प्रसंग के तहत कथा और भंडारे का आयोजन रखा गया था। घर में मेहमानों और ग्रामीणों की आवाजाही लगी हुई थी और सभी भक्ति भाव में लीन थे। इसी दौरान भागवत सिंह चुपचाप घर के एक हिस्से में गए और फंदे पर झूल गए।काफी देर तक जब भागवत सिंह कार्यक्रम में दिखाई नहीं दिए, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। जब कमरे का दरवाजा खोलकर देखा गया, तो भागवत सिंह फंदे पर लटके हुए मिले। तत्काल फंदे से उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित त कर दिया। जिस घर में कुछ देर पहले तक मंगल गीत और मंत्रोच्चार गूंज रहे थे, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई।
