इंदौर
एबी रोड स्थित रीजनल पार्क के समीप आज अलसुबह दो फर्नीचर दुकानों में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दोनों दुकानें आग के गोले में तब्दील हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस हादसे में लाखों रुपये का फर्नीचर और दुकानों का शेड जलकर राख हो गया है। फायर ब्रिगेड को सुबह करीब सवा ४ बजे रीजनल पार्क के समीप फर्नीचर दुकान में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकलकर्मियों की टीम को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। टीम जब पहुँची तो आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठ रही थीं और काला धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था। बताया जा रहा है कि ये दुकानें संजय पिता मोतीलाल और उनके भाई विजय की थीं। दोनों भाई पास-पास शेड बनाकर फर्नीचर का व्यवसाय करते थे। दुकान के अंदर लकड़ी, सनमाइका, फेविकोल और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के लिए करीब २७ हजार लीटर पानी का उपयोग किया। दो घंटे की मशक्कत के बाद सुबह करीब ६ बजे तक स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।
