आसपास की बस्तियों की बालिकाओं को आमंत्रित कर मुकुट-माला सहित नए वस्त्र भेंट किए-शिक्षकों का भी सम्मान

इंदौर
छोटा बांगड़दा, एयरपोर्ट रोड स्थित बाबाश्री रिसोर्ट पर 401 कन्याओं का पाद पूजन कर उन्हें नए वस्त्र, चुनरी, मुकुट-माला एवं स्कूल में काम आने वाली वस्तुओं के उपहार देकर सम्मानित किया गया। सरकारी स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी इस अवसर पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। ट्रस्ट के प्रमुख जगदीश गोयल ने इस मौके पर कन्याओं, पालकों और शिक्षकों से आग्रह किया कि वे बेटियों को किताबी ज्ञान के साथ संस्कारों की शिक्षा भी जरुर प्रदान करें।
बाबाश्री परमार्थिक ट्रस्ट की मेजबानी में आयोजित इस अभिनव कार्यक्रम में आसपास की बस्तियों की 401 कन्याओं को दोपहर 4 बजे से आमंत्रित किया गया था, जहां उनके लिए पसंदीदा खेलों की व्यवस्था के साथ ही अनेक व्यंजनों के स्टाल भी लगाए गए थे। संध्या को ट्रस्ट के अध्यक्ष जगदीश-सीता देवी गोयल, द्वारकाप्रसाद गोयल, रामेश्वर दयाल एवं जगदीश प्रसाद के साथ मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ पूर्व विधायक संजय शुक्ला, अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष प्रेमचंद गोयल, गोपाल अग्रवाल आरएसएस, अरुण गोयल, राजेश बंसल, प्रमोद बिंदल के विशेष आतिथ्य में 108 दीपों से कन्याओं का मातृशक्ति के रूप में आरती कर पूजन किया गया। इस अवसर पर नन्ही बालिकाओं ने मातृशक्ति से प्रेरित नाट्य मंचन की मनोहारी प्रस्तुतियां भी दी। समाज के तृप्ति अरुण गोयल, अंजलि अग्रवाल, वर्षा अग्रवाल, अनुग्रह अग्रवाल, नितिन अग्रवाल एयरपोर्ट की मौजूदगी में श्रीमती सीतादेवी जगदीश गोयल ने सपरिवार कन्याओं का पाद पूजन कर उन्हें मुकुट-माला, चुनरी एवं स्कूल में काम आने वाली वस्तुओं जैसे पेन, पेंसिल, रबर, कंपास, नए वस्त्र, चूड़ियां, कड़े, अभ्यास पुस्तिका, ड्राइंग शीट आदि से भरा बैग उपहार में सौंपने के बाद उन्हें स्वयं स्नेह भोज भी परोसा। उपहार मिलने के बाद इन कन्याओं के चेहरों की खुशियां देखने लायक थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 351 कन्याओं का पूजन करना था लेकिन सूचना मिलने पर आसपास की 50 अन्य बालिकाएं भी कार्यक्रम स्थल पर आ गईं इसलिए उनका भी सम्मान किया गया।
छोटा बांगड़दा, गांधीनगर एवं हातोद क्षेत्र के सरकारी स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी इस मौके पर आमंत्रित कर बेटियों को शिक्षित करने के अभियान से जुड़े होने के उपलक्ष्य में उनका भी सम्मान किया गया। अनेक बालिकाओं ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देकर बेटियों और पालकों को भी मंत्र मुगंध बनाए रखा। कार्यक्रम के सूत्रधार जगदीश- सीता देवी गोयल ने कहा कि कन्या पूजन के इस तरह के अनुष्ठान समाज में मातृशक्ति के सम्मान और गुरूजनों के रूप में शिक्षक-शिक्षिकाओं को उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित और प्रोत्साहित करने की प्रेरणा देते हैं। मंत्री विजयवर्गीय सहित सभी अतिथियों ने भी इस आयोजन की खुले मन से प्रशंसा की और कहा कि समाज में बेटियों को शिक्षित करने की दिशा में यह एक निष्ठावान प्रयास है, जिसका अन्य लोगों को भी अनुकरण करना चाहिए।
