250 प्रतिभागियों ने लिया प्रशिक्षण”

इंदौर
देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज़ के सभागार में आज “भूकंप पूर्व तैयारी एवं क्षमतावर्धन कार्यक्रम” के अंतर्गत एक दिवसीय Awareness and Capacity Building Workshop का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनजागरूकता, जनसहभागिता एवं प्रशासनिक समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला। यह कार्यक्रम कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के दिशा निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
कार्यशाला में विभिन्न महाविद्यालयों एवं संस्थानों से आए 250 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन से संबंधित विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा संवादात्मक सत्रों के माध्यम से उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्लाटून कमांडर श्री अश्विन चौधरी, श्री सुमित खरे एवं श्री दीपेश पाटीदार द्वारा रेल दुर्घटना, सर्पदंश, भूकंप, अग्निकांड तथा हाल ही में इंदौर में घटित ईवी (EV) घटनाओं से संबंधित सावधानियों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए लू एवं हीट स्ट्रोक से बचाव के उपायों पर विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन उपकरणों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कराया गया, जिससे उनकी व्यावहारिक समझ को सुदृढ़ किया गया। यह आयोजन केवल शैक्षणिक गतिविधि तक सीमित न रहकर सामाजिक सरोकारों से जुड़ा एक व्यापक जनअभियान सिद्ध हुआ।
संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन डिस्ट्रिक कमांडेंट श्री सुमत जैन के मार्गदर्शन में किया गया। वहीं जिला आपदा प्रबंधन प्रभारी श्री चरणजीत सिंह हुड्डा (डिप्टी कलेक्टर, इंदौर) की उपस्थिति ने कार्यक्रम को प्रशासनिक विश्वसनीयता प्रदान की।
उल्लेखनीय है कि प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता इस आयोजन की जनअपील एवं सार्वजनिक महत्व को दर्शाती है। यह कार्यशाला “समाज, शिक्षा एवं प्रशासन के त्रिकोणीय समन्वय” का सशक्त उदाहरण बनकर उभरी है तथा इंदौर जिले में आपदा पूर्व तैयारी एवं क्षमतावर्धन की दिशा में एक अनुकरणीय पहल के रूप में स्थापित हुई है
