संभागायुक्त डॉ. खाड़े द्वारा प्रशासनिक एवं राजस्व कार्यों की गहन समीक्षा
कलेक्टर कार्यालय, जिला पंचायत, एसडीएम व तहसील कार्यालयों का किया निरीक्षण
लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण व विकास कार्यों की गुणवत्ता पर दिया जोर

इंदौर
इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े द्वारा संभाग के खरगोन जिले के प्रशासनिक एवं विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा के उद्देश्य से कलेक्टर कार्यालय, एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय एवं जिला पंचायत कार्यालय खरगोन का वार्षिक रोस्टर अनुसार निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कार्यालय स्थित अपर कलेक्टर कोर्ट में व्यवहार न्यायालय से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा की गई। साथ ही खाद्य शाखा से जुड़ी जानकारी लेते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर रिकॉर्ड दुरुस्ती, स्वेच्छानुदान, भूमि आवंटन, आर्थिक सहायता सहित कलेक्ट्रेट की सभी शाखाओं की समीक्षा की गई। लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत लंबित प्रकरणों, अपील प्रकरणों एवं सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश भी दिए गए।
इसके पश्चात जिला पंचायत कार्यालय का निरीक्षण करते हुए मनरेगा अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा की गई। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत चल रहे कार्यों को आगामी तीन माह में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने तथा प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। “एक बगिया माँ के नाम” अभियान की समीक्षा करते हुए संभागायुक्त ने कहा कि स्व सहायता समूह की दीदियों द्वारा विकसित की जा रही बगिया का कार्य उच्च गुणवत्ता का होना चाहिए। निधिवन की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त ने मैरिज हॉल, होम स्टे जैसी सुविधाओं के विस्तार के निर्देश दिए, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिले और पंचायत की आय में वृद्धि हो सके। साथ ही उन्होंने गोशाला निर्माण के भी निर्देश दिए, ताकि वहां लगाए गए पौधों को प्राकृतिक खाद उपलब्ध कराई जा सके और हरित विकास को स्थायित्व मिल सके।इसके बाद संभागायुक्त द्वारा एसडीएम कार्यालय एवं तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम कार्यालय में अपील प्रकरणों एवं रिकॉर्ड सुधार से संबंधित मामलों का अवलोकन किया गया तथा इन प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर तहसील खरगोन के निरीक्षण के दौरान नामांतरण, बटवारा एवं सीमांकन के प्रकरणों की समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने प्रचलित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के साथ-साथ राजस्व वसूली शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस दौरान कलेक्टर खरगोन सुश्री भव्या मित्तल, अपर कलेक्टर श्रीमती रेखा राठौर, जिला पंचायत सीईओ श्री मिलिंद कुमार नागदेवे सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
