गुरुभक्ति, भजन संध्या एवं वरघोडा के कार्यक्रम
राज्य के कैबिनेट मंत्री चेतन कश्यप भी आएंगे-देशभर से अनेक समाज बंधु शामिल होंगे

इंदौर संयम के पथ पर अग्रसर होने जा रही शहर की उच्च शिक्षित, कम्पनी सेक्रेटरी एवं म्यूच्यूअल फंड मैनेजर का काम करने वाली बेटी विनुषी भंडारी का 2 दिवसीय अभिनन्दन समारोह 3-4 अप्रैल को होगा। शनिवार को सुबह रवीन्द्र नाट्य गृह में आयोजित अभिनन्दन समारोह में राज्य के कैबिनेट मंत्री चेतन कश्यप तथा देश भर के समाज बंधु भी शामिल होंगे।
साधुमार्गी जैन समता संघ के अध्यक्ष पारस बोहरा एवं महामंत्री पिंकेश पगारिया ने बताया कि शुक्रवार 3 अप्रैल को सुबह 9 बजे प.पू. आदित्य मुनि म.सा. आदिठाना एवं प.पू. साध्वी श्रीकांता श्रीजी म.सा. आदिठाना की निश्रा में यशवंत निवास रोड स्थित समता भवन पर मुमुक्षु विनुषी भंडारी की दीक्षा के उपलक्ष्य में समता प्रसादी एवं शाम 7.30 बजे रवीन्द्र नाट्यगृह में गुरु भक्ति एवं भजन संध्या के आयोजन होंगे। शनिवार 4 अप्रैल को सुबह 7 बजे जावरा कम्पाउंड स्थित लायंस क्लब के सभागृह में नवकारसी के पश्चात प्रातः 8.15 बजे उनके 142 जावरा कम्पाउंड स्थित निवास से बैंड बाजों सहित वरघोडा निकलेगा जिसमें वे एक खुले रजत रथ में विराजित होकर अपने संसारी जीवन में काम आने वाली गृहस्थी की सामग्री को लुटाते हुए चलेंगी। यह वरघोडा सुबह 10 बजे रवीन्द्र नाट्य गृह पहुंचेगा जहाँ शहर के श्रीसंघों एवं विभिन्न संगठनों की ओर से उनका अभिनन्दन किया जाएगा। इस अवसर पर राज्य के कैबिनेट मंत्री चेतन कश्यप मुख्य अतिथि और विधायक श्रीमती मालिनी गौड़ विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में अ.भा. साधुमार्गी जैन संघ, अ.भा. साधुमार्गी महिला संघ, युवा संघ सहित विभिन्न संगठनों के राष्ट्रीय, आंचलिक एवं स्थानीय पदाधिकारियों की भी उपस्थिति रहेगी।
