
इंदौर कनाडिया रोड स्थित बुराना खेडी में पुष्पा पिसोलकर पारमार्थिक फाउंडेशन की ओर से व्यक्तित्व विकास की निशुल्क कक्षाओं का शुभारंभ जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट के मुख्य आतिथ्य एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. प्रतीक श्रीवास्तव के विशेष आतिथ्य में किया गया।प्रो श्रीवास्तव ने कहा कि ग्रामीण युवाओं में आत्मविश्वास और व्यक्तित्व निर्माण के लिए इस तरह की पहल अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर भी जोर दिया, वहीं मुख्य अतिथि तुलसी सिलावट ने कहा कि ऐसे आयोजन और कार्यक्रम बच्चों और युवाओं को नई दिशा प्रदान करेंगे। प्रारम्भ में फाउंडेशन के संचालक आर के काबरा, प्राचार्य अरुण मित्तल एवं अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर फाउंडेशन के प्रमुख आर के काबरा ने बताया कि इस केंद्र पर मनोवैज्ञानिक तरुणा अग्रवाल द्वारा व्यक्तित्व विकास की कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। श्रीमती अग्रवाल बच्चों को आत्मविश्वास, संचार कौशल एवं जीवन कौशल को विकसित करने पर प्रशिक्षित करेंगी।
