
इंदौर इंदौर फिलेटेलिक एवं इंदौर न्यू मिस्मेटिक सोसाइटी की संयुक्त मासिक सभा में इस बार संस्कृत के सिक्कों पर बातचीत के साथ ही तत्कालीन सिक्कों का प्रदर्शन भी किया गया। मुद्रा संग्राहक शिवम चतुर्वेदी ने रीगल चौराहा स्थित इंडियन कॉफ़ी हाउस पर आयोजित बैठक में इन सिक्कों पर अनेक दिलचस्प जानकारियां प्रदान की।
बैठक में वर्ष 2025 का लेखा जोखा चेतन अग्रवाल ने प्रस्तुत किया जो सर्वसम्मति से मंजूर किया गया। इस दौरान रवीन्द्र पहलवान ने यूएई और मालवा के परमार वंश से जुड़े दो सिक्कों पर विशेष कार्यशाला का भी आयोजन किया और उनपर विशेष चर्चा की गई। इस मौके पर तीन फिलेटेलिस्ट महेंद्र सांघी, नरेन्द्र अग्रवाल एवं शिवम चतुर्वेदी तथा मुद्रा संग्राहक और लोकतंत्र सेनानी गिरीश शर्मा आदित्य का विशेष रूप से सम्मान भी किया गया। रवीन्द्र व्यास ने पोस्टकार्ड और लोक कला का प्रदर्शन कर उनसे जुडी जानकारियां साझा की जबकि राजेश शाह ने नवरात्रि पर जारी किए गए विशेष आवरण एवं अन्य आवरणों का भी प्रदर्शन किया। राजेंद्र अग्रवाल ने सभी सदस्यों को उपहार भेंट किए। सभा का संचालन कार्यकारी अध्यक्ष राजेश शाह ने किया। स्वास्थ्य प्रार्थना मिलिंद देहद्राय ने की और स्वागत उद्बोधन गिरीश शर्मा आदित्य ने दिया। सभा शुभारंभ की घोषणा नरेन्द्र अग्रवाल ने की और आभार माना रवीन्द्र व्यास ने।
