
इंदौर
अग्नि दुर्घटनाओं से प्रभावी बचाव एवं त्वरित राहत कार्यों के उद्देश्य से इंदौर जिले में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत आज कलेक्टर कार्यालय में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस मॉक ड्रिल के माध्यम से आग लगने की स्थिति में किए जाने वाले राहत एवं बचाव कार्यों का पूर्वाभ्यास किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान अधिकारी एवं कर्मचारियों को आग लगने के संभावित कारणों तथा ऐसी स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि आपात स्थिति में स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए किस प्रकार कार्य किया जाए।
प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को आग बुझाने के प्राथमिक उपकरणों के उपयोग, सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन) प्रक्रिया तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया के बारे में भी समझाया गया। व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कलेक्टर कार्यालय का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा प्रबंधन व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे सतर्कता और प्रशिक्षण के माध्यम से किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सदैव तैयार रहें।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित फायर मॉक ड्रिल के दौरान कहा कि जिले में व्यापक स्तर पर अग्नि सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जी प्लस थ्री एवं उससे ऊंची सभी इमारतों में आवश्यक फायर इक्विपमेंट्स की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा संबंधित भवनों को नोटिस जारी कर 15 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से फायर सेफ्टी उपकरण स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय-सीमा अब समाप्ति की ओर है और आगामी 4-5 दिनों में सख्ती के साथ कार्रवाई शुरू की जाएगी।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि जनजागरूकता के उद्देश्य से स्कूलों, हॉस्टलों और अधिक भीड़ वाले बाजार क्षेत्रों में भी नियमित रूप से फायर मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है। इन मॉक ड्रिल के माध्यम से लोगों को आपात स्थिति में सुरक्षित निकास (एग्जिट रूट), निर्धारित स्थान पर एकत्रित होने (असेंबली), घबराहट से बचने तथा उपलब्ध उपकरणों के सही उपयोग की जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि फायर टीम द्वारा विभिन्न संस्थानों में जाकर लाइव डेमो के जरिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में आज कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित मॉक ड्रिल में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया और आपात स्थिति से निपटने की प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से समझा।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि इस तरह के अभ्यास से सभी संबंधित व्यक्ति किसी भी अग्नि दुर्घटना जैसी आपात स्थिति से प्रभावी रूप से निपटने के लिए सक्षम बन रहे हैं।
मॉक ड्रिल में सहायक अग्निशमन अधिकारी श्री राघवेंद्र सिंह रघुवंशी ने कार्रवाई संचालित की और प्रशिक्षण दिया।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्री रोशन राय, श्री रिंकेश वैश्य, अपर आयुक्त नगर निगम श्री आशीष पाठक सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।
