इंदौर। चंदननगर क्षेत्र में तेज आवाज में गाने बजाने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसियों ने युवक के साथ मारपीट कर डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। बीच बचाव करने पहुंचे उसके भाई के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक न्यू नूरानीनगर निवासी अली मंसूरी ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके घर के सामने रहने वाले वसीम और उसका बेटा एहमद अक्सर तेज आवाज में होम थिएटर पर गाने बजाते हैं, जिससे पढ़ाई में दिक्कत हो रही थी। रात करीब ९:३० बजे वह आवाज कम करने के लिए कहने गया तो दोनों गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने अली के साथ हाथ थप्पड़ों से मारपीट की और एहमद ने लकड़ी से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया और खून निकलने लगा। इसी दौरान बीच बचाव करने पहुंचे उसके भाई फरहान के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उसे पैर, हाथ और गर्दन में चोटें आईं। चंदननगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
