इंदौर
बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक युवती द्वारा फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने का मामला सामने आया है। मृतका मेहंदी और डांस क्लास संचालित करती थी। परिजनों का आरोप है कि प्रेमी और उसके पिता द्वारा शादी के वादे से मुकर जाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के कारण उनकी बेटी ने यह आत्मघाती कदम उठाया। मृतका का नाम रिया पिता संजू (२३) निवासी कालिंदी नगर है। रिया मेहंदी व डांस की कक्षाएं चलाकर अपने परिवार का सहयोग करती थी। मंगलवार को रिया का शव उसके घर में फंदे से लटका हुआ मिला।मृतका के पिता संजू ने बताया कि रिया का हीरा नगर निवासी विजय कौशल नामक युवक के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। विजय ने रिया से शादी करने का वादा किया था और दोनों के परिवारों को इस रिश्ते की जानकारी थी।रिया के पिता का कहना है कि पिछले कुछ समय से विजय और उसके पिता अपने वादे से मुकर गए थे। वे न केवल शादी से इनकार कर रहे थे, बल्कि रिया को मानसिक रूप से प्रताड़ित भी कर रहे थे। इसी धोखे और प्रताड़ना से रिया गहरे तनाव में थी। पिता का आरोप है कि इसी दुख के कारण रिया ने मौत को गले लगा लिया।बाणगंगा पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।फिलहाल पुलिस मामले में जांच कर रही है।
