इंदौर
राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में बीती शाम एक पारिवारिक विवाद सड़क पर आ गया। घर लौट रहे एक व्यक्ति को उसकी दूसरी पत्नी ने अस्पताल के सामने घेर लिया। विवाद खर्चों के पैसों को लेकर शुरू हुआ, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। आरोपी महिला ने सड़क पर पड़ा पत्थर उठाकर पति के सिर पर दे मारा, जिससे वह लहूलुहान हो गया। पुलिस ने आरोपी महिला और उसके साथी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, फरियादी प्रफुल्ल सोनोने निवासी लोकमान्य नगर।ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह बीती शाम रेती मंडी होते हुए पैदल अपने घर जा रहा था। जब वह इन्द्रा मेमोरियल अस्पताल के सामने पहुँचा, तभी वहां उसकी दूसरी पत्नी रीता बाकोडे अपने एक साथी के साथ खड़ी थी। रीता ने प्रफुल्ल को रोक लिया और उससे रुपयों की मांग करने लगी। प्रफुल्ल ने पुलिस को बताया कि उसने रीता को पैसे देने से साफ मना कर दिया। उसने कहा कि ‘तुम पिछले दो साल से मेरे साथ नहीं रह रही हो, इसलिए मैं तुम्हें खर्चे के लिए रुपये नहीं दूँगा।’ इसी बात पर रीता भड़क गई और बीच सड़क पर प्रफुल्ल को गालियां देने लगी। जब प्रफुल्ल ने गाली देने से मना किया, तो रीता ने पास पड़ा एक बड़ा पत्थर उठाया और प्रफुल्ल के सिर पर दे मारा। पत्थर लगने से प्रफुल्ल के सिर से खून बहने लगा। इसी दौरान रीता के साथ मौजूद उसके अज्ञात साथी ने भी प्रफुल्ल पर हमला कर दिया और उसे हाथ-मुक्कों से बुरी तरह पीटा। वारदात के बाद आरोपी महिला यह धमकी देते हुए भाग निकली कि अगर अगली बार खर्चे के रुपये नहीं दिए, तो तुझे जान से मार दूंगी।
