इंदौर
परदेशीपुरा थाना क्षेत्र मे मोबाइल गेम की लत और बेरोजगारी के चलते एक घर में खूनी संघर्ष हो गया। पति की कामचोरी से परेशान होकर जब पत्नी ने उसे काम करने की सलाह दी, तो सनकी पति ने उस पर हमला कर दिया। आरोपी ने रोटी बनाने वाले बेलन से पत्नी के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस के मुताबिक, फरियादी लीला बाई, निवासी क्लर्क कॉलोनी ने अपने पति शीतल ठाकुर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। लीला बाई ने बताया कि उनका पति शीतल दिन भर घर पर खाली बैठा रहता है और मोबाइल में गेम खेलता रहता है। बुधवार को भी जब वह मोबाइल में व्यस्त था, तो लीला ने उससे कहा कि ‘तुम घर पर ही बैठे रहते हो, कुछ काम-धंधा क्यों नहीं करते हो ‘इतनी सी बात सुनते ही शीतल अपना आपा खो बैठा और पत्नी को गालियां देने लगा। जब लीला ने गाली देने से मना किया, तो उसने पहले हाथ-थप्पड़ से उसकी पिटाई की और फिर रसोई में रखा रोटी बनाने वाला बेलन उठाकर सीधे उसके सिर पर दे मारा। हमले के कारण लीला का सिर फट गया और खून निकलने लगा।घायल अवस्था में पीड़ित महिला थाने पहुंची और आपबीती सुनाई। परदेशीपुरा पुलिस ने आरोपी पति शीतल ठाकुर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
