इंदौर
हीरानगर थाना इलाके के क्लर्क कॉलोनी एक्सटेंशन में एक परिवार के लिए खुशी का मौका उस समय दहशत में बदल गया, जब पड़ोस में रहने वाले तीन आरोपियो ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। मासूम पोते के जन्मदिन के दौरान मेहमानों के बैठने के लिए सड़क पर रखी कुर्सियों को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक जा पहुँचा। पुलिस के मुताबिक फरियादी मीना गोंडाने निवासी क्लर्क कॉलोनी एक्सटेंशन ने रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया कि उनके घर में पोते विहान के जन्मदिन का कार्यक्रम था। घर आए मेहमानों के बैठने के लिए उन्होंने घर के सामने सड़क के किनारे कुर्सियां लगाई थीं। इसी दौरान एक युवक मोटरसाइकिल से आया और बदतमीजी करते हुए चिल्लाने लगा कि ‘रास्ते से कुर्सियां हटाओ, तुम्हारे बाप की सड़क है क्या’ जब मीना और उनके पुत्र सोनू ने गाली देने से मना किया, तो विवाद बढ़ गया।शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाले आरोपी दीपक सिंह बैस, कुलदीप सिंह बैस और प्रदीप सिंह बैस वहां पहुंच गए। आरोप है कि विवाद के दौरान दीपक सिंह ने लकड़ी का डंडा निकालकर सोनू के सिर पर दे मारा, जिससे उसका सिर फट गया और खून निकलने लगा। जब मां मीना अपने बेटे को बचाने के लिए बीचबचाव करने आईं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता की और बाल पकड़कर उनके साथ झूमाझटकी की।
