पहले उत्तर भारत के जोनल सेक्रेटरी रहे – वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ़ एक्सीलेंस अवार्ड से भी हुए सम्मानित

इंदौर
निपान्या स्थित अंतर्राष्ट्रीय श्रीकृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) मंदिर इंदौर के अध्यक्ष एवं इस्कॉन उत्तर भारत के जोनल सेक्रेटरी स्वामी महामनदास को अब इस्कॉन इंडिया ब्यूरो का वाईस चेयरमैन मनोनीत किया गया है। यह ब्यूरो देशभर के इस्कॉन मंदिरों के प्रमुखों का समूह है। गुरुवार को जैसे ही इंदौर के भक्तों और संतों को यह शुभ समाचार मिला, उनके प्रशंसकों का मजमा निपान्या स्थित मंदिर पर जुटने लगा। यही नहीं स्वामी महामनदास को गत 4 अप्रैल को होटल ग्रैंड शेरेटन ग्रैंड पैलेस पर आयोजित एक गरिमापूर्ण समारोह में वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ़ एक्सीलेंस इंग्लैंड के प्रेसीडेंट हेनेरी आर ने वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ़ एक्सीलेंस से सम्मानित कर प्रशस्ति पत्र भेंट किया है। इस उपलक्ष्य में इस्कॉन इंदौर से जुड़े भक्त मंडल की ओर से श्रीनिकेतन दास, हरि अग्रवाल, अशोक गोयल, गिरधर गोपाल दास, डॉ, लक्ष्मण दास, कृष्णार्चन प्रभु, विशाल प्रभु, जगत जीवन प्रभु, हेमांग प्रभु, अद्विधरण प्रभु, आदित्य प्राण प्रभु एवं मृदुल कृष्ण प्रभु सहित अनेक भक्तों और संतों ने महामन प्रभुजी के जीवन चरित्र एवं कार्यशैली पर प्रकाश डालते हुए उनके उज्जवल भविष्य की मंगल कामनाएँ व्यक्त की और शॉल, श्रीफल, पगड़ी एवं राधा गोविन्द की प्रतिमा भेंटकर सम्मानित किया। संचालन गिरधर गोपाल प्रभु ने किया और आभार माना लक्ष्मण दास प्रभु ने। स्वामी महामनदास ने उन्हें मिले सम्मान को इस्कॉन के संस्थापक श्रील प्रभुपाद की सेवाओं और आशीर्वाद का सुफल बताया। स्वामी महामनदास ने श्रील प्रभुपाद से ही दीक्षा प्राप्त की है।
