
इंदौर
भारत सरकार द्वारा विज्ञान भवन नई दिल्ली में आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ का सीधा प्रसारण आज इंदौर जिले में भी उत्साहपूर्वक देखा गया। इस कार्यक्रम में देशभर की महिलाओं की उपलब्धियों और सशक्तिकरण को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने संबोधित करते हुए देश के विकास और प्रगति में महिलाओं की भूमिका और योगदान को रेखांकित किया।
इंदौर के कलेक्टर कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन, महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी श्री रजनीश सिन्हा सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, विज्ञान, खेल, उद्यमिता, मीडिया, सामाजिक कार्य एवं कला-संस्कृति में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं की सहभागिता और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया।
इंदौर जिले में जगह-जगह कार्यक्रम का सीधा प्रसारण डीडी न्यूज एवं वेबकास्ट के माध्यम से देखा गया, जिसमें विभागीय अधिकारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आमजन की सहभागिता भी सुनिश्चित की गई।
