अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति एवं बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन के तत्वावधान में अगला शिविर बाबाश्री रिसोर्ट पर

इंदौर अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति, बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन एवं हेल्थ फॉर भारत फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में श्रीमती नीनादेवी अग्रवाल की पुण्य स्मृति में चलाए जा रहे स्वास्थ्य परीक्षण अभियान के अंतर्गत एमआर 10 रोड स्थित दिव्य शक्ति पीठ पर आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में कुल 1087 समाज बंधुओं ने शामिल होकर अपनी विभिन्न 32 प्रकार की जांचे कराई। शिविर में वरिष्ठ समाजसेवी दीपचंद्र अग्रवाल, गणेश गोयल, हरि अग्रवाल, अरविन्द बागड़ी, राजेश बंसल, सानिया अग्रवाल एवं प्रकाश मोमबत्ती विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान 33 यूनिट रक्त का संग्रहण भी दानदाताओं के सहयोग से किया गया।
अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष प्रेमचंद गोयल एवं बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन के प्रमुख विनोद अग्रवाल के मार्गदर्शन में शिविर में पहले दिन 557 तथा दूसरे दिन 530, इस तरह दोनों दिन कुल 1087 समाज बंधुओं ने आकर अपनी जांचे कराई। अब तक इसके पूर्व आयोजित किए गए 4 स्वास्थ्य शिविरों में लगभग 4600 समाज बंधुओं ने अपनी जांचे कराई है। दिव्य शक्ति पीठ पर सम्पन्न हुए शिविर में नीरज गोयल, शैलेन्द्र गरवाल, शरद कदम, अजय मित्तल, सत्यप्रकाश अग्रवाल, अजय मंगल, प्रीति जैन, भावना गर्ग, नीलम द्विवेदी, रोमी गुप्ता, लल्ली राजोरिया, गायत्री पानेरी, खुशबू वर्मा एवं माधुरी गढ़वाल सहित अनेक बंधुओं का उल्लेखनीय सहयोग रहा। इस अवसर पर हेल्थ फॉर भारत फाउंडेशन की प्रमुख डॉ. विनिता कोठारी एवं उनकी टीम के 20 चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ के सदस्यों ने सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक लगातार पूरी निष्ठा के साथ अपनी सेवाएँ देकर समाज बंधुओं को लाभान्वित किया।
शिविर संयोजक किशोर गोयल, अरविन्द वेल्यूअर एवं शीतल तोडीवाला ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि दिव्य शक्ति पीठ में आए समाज बंधुओं सहित 5687 ने अपनी सभी तरह की जांचे कराई है। इस अभियान में प्रथम चरण में 5 हजार समाज बंधुओं को समय रहते मधुमेह एवं मोटापे से रोग मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया था लेकिन स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का परिचय देते हुए अब तक आयोजित 5 शिविरों में ही 5 हजार से अधिक समाज बंधु लाभान्वित हो चुके हैं जबकि एक शिविर अभी छोटा बांगडदा स्थित बाबाश्री रिसोर्ट पर 18-19 अप्रैल को होने वाला है। इसी तरह गीता भवन पर भी एक शिविर 25-26 अप्रैल को आयोजित होगा। इस तरह दो शिविर शेष रहते ही 5 हजार से अधिक समाज बंधु अपनी जांचे करा चुके हैं। अब तक हुई जांचों के आधार पर जो निष्कर्ष प्राप्त होंगे उनको देखते हुए अगला अभियान चलाया जाएगा।
