6 लाख रूपये से अधिक का बकाया टैक्स भी वसूला
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देश पर लगातार जारी है बसों की जांच


इंदौर
परिवहन विभाग ने बायपास, राऊ चौराहा पर लोक परिवहन वाहनों खासकर उप नगरीय, इण्टरसिटी, इंटरस्टेट बसों की सघन चेकिंग की। बसों में इमरजेंसी एग्जिट, फायर सेफ्टी सिस्टम, आपातकाल में सुगम निकास व्यवस्था की जांच की गई। बसों में विभिन्न कमियां पाए जाने, मोटरयान अधिनियम के विभिन्न नियमों का उल्लंघन करने, परमिट शर्तों का उल्लंघन करने पर जुर्माना लगाया गया। एक ट्रक जो की बिना परमिट, बिना फिटनेस, बिना बीमा था, उसे भी जब्त कर कार्यवाही की गई। 11 वाहनों पर कार्यवाही कर 1 लाख 20 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया और 6 लाख बीस हज़ार रुपए बकाया टैक्स जमा कराया गया। साथ ही बसों के चालक परिचालक को भी समझाइस दी गई की वह बसों में किसी भी प्रकार का ज्वलनशील पदार्थ का परिवहन न करें। जिस प्रकार फ्लाइट में यात्रियों को आपातकाल स्थिति में “क्या करें, क्या न करें” की जानकारी दी जाती है उसी प्रकार बसों में भी सवारियों को इस तरह की जानकारी दी जाए।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देश पर इंदौर में लोक परिवहन वाहनों बसों, स्कूल वाहनों सहित अन्य वाहनों की लगातार चेकिंग की जा रही है। बसों में ओवरलोडिंग, अधिक किराया की भी जांच की जा रही है। लोगों को अपने वाहनों पर HSRP नम्बर प्लेट लगवाने के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है। वाहन की गति, स्पीड गवर्नर सहित दस्तावेज की चेकिंग की जा रही है तथा नियमों का पालन नहीं करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई की जा रही है।
