इंदौर
तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक अनियंत्रित जीप डिवाइडर में जा घुसी।। इस भीषण सड़क हादसे में जीप सवार ११ लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत चिंताजनक बनी हुई है। वाहन में सवार सभी लोग राजस्थान के रहने
वाले हैं और खेती-किसानी के काम से जुड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया। पुलिस के मुताबिक, यह हादसा रात करीब ३ बजे ब्रिज के पास हुआ। राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के ग्राम मुन्ना डोंगर के रहने वाले जयसिंह, धर्मेंद्र, सबूर, मनसुख, मानसिंह, लालू, पीटू, कालू सिंह और सादिया सहित अन्य लोग जीप में सवार होकर इंदौर की ओर आ रहे थे तभी अचानक तेज रफ्तार जीप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। घायलों में कालू
सिंह और सादिया को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। अन्य घायलों को भी शरीर के विभिन्नहिस्सों में गहरी चोटें आई हैं। हादसे के समय जीप में सवार अधिकतर लोग नींद में थे। घायलों ने बताया कि रात में एक ढाबे पर खाना खाने
के बाद वे अपनी मंजिल की ओर रवाना हुए थे। अचानक जोरदार टक्कर और धमाके के साथ सबकी नींद खुली और जीप के भीतर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की मदद से पुलिस ने एंबुलेंस बुलाई और घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जीप की रफ्तार काफी तेज थी और संभवतः किसी बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने संतुलन खो दिया, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया। तेजाजी नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
