शहर में बेहतर यातायात प्रबंधन, यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार लाने के लिए यातायात पुलिस ने नए कदम उठाये है। गुरुवार को क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) के तहत 11 दो पहिया वाहनों को जरूरी सुविधाओं के साथ सड़क पर उतारा गया। पलासिया स्थित यातायात डीसीपी कार्यालय से इन वाहनों को रवाना किया गया। जल्द ही 20 और दोपहिया वाहन सड़कों पर उतारे जाएंगे। ट्रैफिक डीसीपी आनंद कलादगि व एएसपी संतोष कौल के अनुसार, त्योहारों के मद्देनजर अभी 11 सरकारी वाहन शुरू किए गए हैं। ये वाहन उन स्थानों, छोटी व संकरी गलियों में भी जा सकेंगे, जहां पुलिस के चार पहिया वाहन नहीं पहुंच पाते। इन वाहनों में अलाउंसमेंट सिस्टम, सेट रखने का स्थान, लाल व नीली बत्ती, सायरन, पीओएस चालान बनाने की मशीन और ब्रिथ एनलाइजर (शराब जांच की मशीन) भी मौजूद रहेगी।
