एकदूसरे के सुख दुःख में भागीदार बनकर कारोबारी रिश्तों को भी आगे बढाएँगे – हर दिन जुड़ रहे नए युवा
इंदौर
शहर में अपने-अपने कारोबार और समाजसेवा के क्षेत्र में समर्पित युवाओं के नए संगठन “अग्रवाल कुटुम्ब” से समाज के 1100 युवाओं को जोड़ने के लक्ष्य की दिशा में अनेक टीमें गठित की जा रही हैं। संगठन के सभी कार्यकर्ता पहले से ही विभिन्न सेवा कार्यों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े हुए हैं तथा अब चाहते हैं कि वरिष्ठों के मार्गदर्शन में एक ऐसा मंच तैयार किया जाए, जो एक-दूसरे के सुख दुःख में भागीदार भी बने और कारोबारी रिश्तों को भी आपस में प्राथमिकता के साथ आगे बढाएं ताकि आपसी रिश्तों के साथ ही पारिवारिक संबंधों में भी मजबूती आए। समाज और शहर के हित में ऐसे 1100 युवाओं को अग्रवाल कुटुम्ब से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
इस संगठन की दूसरी बैठक रविवार को सपना संगीता रोड स्थित बीएम टावर पर हुई जिसमें अनेक युवाओं ने अपनी सहमति दर्ज कराते हुए संगठन के उद्देश्यों पर विचार मंथन किया। इन युवाओं की आम राय यही थी कि शहर में करीब 2 लाख अग्रवाल बंधु निवास करते हैं, और 125 से अधिक संगठन भी कार्यरत हैं जो विभिन्न सेवा कार्यों को मूर्त रूप देते आ रहे हैं। इनमें से कई संगठन परंपरागत कार्यों तक ही सीमित बने हुए हैं और कोई भी संगठन ऐसा नहीं है जो कारोबारी रिश्तों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा हो।
चूँकि अग्रवाल समाज के 90 प्रतिशत युवा कारोबार से ही जुड़े हुए हैं इसलिए इन युवाओं ने तय किया है कि वे अपने जैसे 1100 युवाओं का संगठन “अग्रवाल कुटुम्ब” के नाम से तैयार करें और सभी सदस्य आपस में मेलजोल, भाईचारा बढ़ाकर पारिवारिक संबंधों को भी मजबूत बनाएं। इन सभी सदस्यों की पारिवारिक एवं व्यावसायिक जानकारी वाली स्मारिका या निर्देशिका का प्रकाशन करने का भी निर्णय लिया गया है। इसके अलावा कारोबार के दौरान समय-समय पर आने वाली दिक्कतों के मुकाबले के लिए यह संगठन एक एप या ग्रुप तैयार करेगा जिसमें किसी भी तरह की समस्या आने पर ग्रुप के सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचकर पीड़ित साथी की मदद करेंगे। इसी तरह सामाजिक सहकार की भावना को मजबूत बनाने, एक-दूसरे के सुख दुःख का बंटवारा करने, वर्ष में चार बार सपरिवार सामूहिक मिलन समारोह, स्नेह भोज तथा विभिन्न त्योहारों को एकसाथ मनाने जैसे संकल्प भी किए गए हैं। संगठन में सदस्यता का प्रावधान जोड़े से रहेगा अर्थात पति-पत्नी दोनों ही संगठन के सदस्य बनेंगे। अब तक इस संगठन से करीब 50 युवा जुड़ चुके हैं।
रविवार को हुई दूसरी बैठक में सपना संगीता क्षेत्र से अरविन्द वेल्युअर, मालवा मिल क्षेत्र से राजेश मित्तल, पलासिया क्षेत्र से अमृत गोयल, नवलखा क्षेत्र से अजय मंगल, अन्नपूर्णा क्षेत्र से मनोज अग्रवाल, एयरपोर्ट क्षेत्र से नितिन अग्रवाल के साथ ही छावनी क्षेत्र, अग्रवाल नगर तथा शहर के अन्य अग्रवाल बाहुल्य क्षेत्रों से पसंद बांकडा, मनीष जिंदल, सचिन अग्रवाल दरबार, रीतेश मित्तल बारदान, विकास जिंदल, अमित ब्रजमोहन अग्रवाल, रत्नेश गोयल, भावेश अग्रवाल एवं रीतेश राजवंशी ने शामिल होकर एक स्वर से अग्रवाल कुटुम्ब के गठन पर अपनी मोहर लगाई है। संगठन का सदस्यता अभियान भी शुरू कर दिया गया है।
