वैश्य समाज के सभी घटकों को जोड़कर भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ
हर कारोबारी बंधु की मदद के लिए हर समय उपलब्ध रहेगा
मालवांचल श्रीनागर चित्तोड़ा वैश्य महाजन समाज केन्द्रीय समिति के आयोजन में बोले प्रकोष्ठ संयोजक खंडेलवाल

इंदौर भारतीय जनता पार्टी पर आम लोगों का विश्वास निरंतर मजबूत होता जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार हर तरह से व्यापारी बंधुओं एवं वैश्य समाज के लिए भयमुक्त वातावरण और कारोबारी बंधुओं के लिए बिना किसी दबाव के व्यापार करने का पर्यावरण बना रही है। भाजपा के व्यापारी प्रकोष्ठ का सबसे पहला प्रयास यही होगा कि कोई भी व्यापारी अनावश्यक अडचनों, अवैध वसूली एवं किसी भी तरह की ज्यादती का शिकार नहीं बने। वैश्य समाज के सभी घटकों को जोड़कर भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ पूरी तत्परता एवं सक्रियता से हर छोटे से छोटे कारोबारी बंधु की मदद के लिए हर समय उपलब्ध रहेगा।
भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के नवनियुक्त प्रदेश संयोजक धीरज खंडेलवाल ने मालवांचल चित्तोड़ा समाज के तत्वावधान में आयोजित अपने स्वागत समारोह में उक्त बातें कही। इस अवसर पर विद्याधाम मंदिर के 11 वेदपाठी बटुकों ने आचार्य पं. आनंद शुक्ला के निर्देशन में वैदिक मंत्रोच्चार कर खंडेलवाल के यशस्वी कार्यकाल की मंगल कामना की। समारोह में अ.भा. चित्तोड़ा महाजन वैश्य समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र महाजन, मालवांचल चित्तोड़ा समाज केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष गोपाल मेहता, देवास चित्तोड़ा महाजन समाज के अध्यक्ष गिरधर गुप्ता एवं श्रीनागर चित्तोड़ा महाजन समाज पंचमंडल इंदौर के सचिव रमेशचंद महाजन, बृजमोहन गुप्ता, समन्वयक धर्मेन्द्र गुप्ता, सुरेश गुप्ता, गिरीश गुप्ता, घनश्याम गुप्ता, दिलीप गुप्ता, प्रो. रुपेश कुम्भज, अर्पित महाजन आदि ने खंडेलवाल का स्वागत किया और उन्हें समाज की विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराया। खंडेलवाल इंदौर जिला वैश्य महासम्मेलन के भी अध्यक्ष हैं, इसलिए उन्होंने समाज बंधुओं से आग्रह किया कि वे समूचे अंचल में व्यापारियों से जुडी किसी भी तरह की समस्या और अन्य तकलीफों के बारे में समय-समय पर अवगत कराते रहें ताकि कोई भी वैश्य बंधु या कारोबारी अनावश्यक रूप से प्रताड़ना एवं ज्यादतियों के शिकार नहीं बन सकें। भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ पूरी तरह अपने वैश्य बंधुओं और व्यापारी समाज के हितों का संरक्षण करेगा।
