जानकारी के मुताबिक एमजी रोड थाना क्षेत्र के नगर निगम चौराहे पर पुलिस बुधवार रात ड्रिंक एंड ड्राइव और संदिग्ध लोगों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एबीवीपी के प्रांत सहमंत्री कौशल यादव और महानगर सहमंत्री प्रतीक यादव कार से गुजर रहे थे। पुलिस ने रोककर दस्तावेज मांगे तो दोनों पदाधिकारियों ने रौब झाड़ते हुए वाहन छोड़ने की मांग की। इसी बात पुलिस और एबीवीपी के लोगों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी ने नियमों के अनुसार जांच करने की बात कही, जिस पर कौशल यादव भड़क गया। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि 500 रुपए लेकर बिना पर्ची के गाड़ियां छोड़ी जा रही हैं। कौशल ने पुलिसकर्मियों से कहा- हम चालान कटवाने को तैयार हैं, लेकिन जेब में पैसे रखकर वसूली करना बंद करो। विवाद बढ़ने पर टीआई तुकोगंज जितेंद्र यादव ने कहा कि यह अनर्गल आरोप हैं, सबूत हैं तो प्रस्तुत करें। इस पर कौशल यादव ने चुनौती देते हुए कहा, दो दिन में वीडियो बनाकर दूंगा, यह आपकी और मेरी शर्त लगी।
हंगामे की सूचना पर एडीसीपी प्रमोद सोनकर और एसीपी विनोद दीक्षित मौके पर पहुंचे। उन्होंने एबीवीपी के पदाधिकारियों से शांतिपूर्वक चर्चा की और भरोसा दिलाया कि जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ जांच की जाएगी। इसके बाद मामला शांत हुआ और यातायात सामान्य हुआ।
