शहर में आगामी नववर्ष के जश्न और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इंदौर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पुलिस प्रशासन द्वारा आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कल जोन-३ पुलिस ने एक साथ ११८ सूचीबद्ध बदमाशों के खिलाफ बाउंड ओवर की कार्रवाई करते हुए उन्हें ‘रेड और यलो’ नोटिस थमाए हैं। पुलिस कमिश्नरेट के जोन-०३ डीसीपी राजेश व्यास के निर्देशन में यह विशेष अभियान चलाया गया। डीसीपी ने सभी एसीपी को निर्देशित किया था कि वे अपने क्षेत्रों में सक्रिय आदतन अपराधियों को चिन्हित कर उन पर अधिक से अधिक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करें। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य नए साल के कार्यक्रमों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल देना है। इन निर्देशों के पालन में नगरीय जोन- ०३ के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर धरपकड़ की गई। कार्रवाई के दौरान हीरानगर अनुभाग से सर्वाधिक ७० लिस्टेड आदतन अपराधियों को पाबंद किया गया। इसके अलावा कोतवाली क्षेत्र से ३० और संयोगितागंज अनुभाग से १८ लिस्टेड बदमाशों सहित कुल ११८ अपराधियों के विरुद्ध बाउंड ओवर की कार्रवाई की गई। इन सभी को शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु कानूनी रूप से पाबंद किया गया है।
