साउथ अफ्रीका ने विमेंस वनडे वर्ल्ड कप में भारत पर लगातार तीसरी जीत दर्ज की है। टीम ने गुरुवार को भारतीय टीम को 3 विकेट से हराया। यह इस वर्ल्ड कप में भारत की पहली हार है, साउथ अफ्रीका ने दूसरा मुकाबला जीता है ।
विशाखापट्टनम में साउथ अफ्रीका ने 252 रन का टारगेट 48.5 ओवर में 7 विकेट खोकर चेज कर लिया। टीम ने 81 रन के स्कोर पर 5 विकेट गंवा दिए थे। यहां से कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने क्लो ट्रायोन के साथ छठे विकेट के लिए 97 बॉल पर 61 रन की साझेदारी करके बिखरती पारी संभाली। वे 111 बॉल पर 70 रन बनाकर आउट हुईं।वोल्वार्ट के आउट होने के बाद क्लो ट्रायोन (49 रन) ने नदिन डी क्लर्क (नाबाद 84 रन) के साथ 7वें विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी की। आखिरी में क्लर्क ने आयाबोंगा खाका के साथ 18 बॉल पर 41 रन नाबाद साझेदारी करके अपनी टीम को जीत दिला दी।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बैटिंग कर रही भारतीय टीम 49.5 ओवर में 251 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। एक समय भारत के 6 विकेट 102 रन पर गिर गए थे। इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने 77 गेंदों पर 94 रन की पारी खेलकर टीम को संभाला। स्मृति मंधाना किसी एक साल (कैलेंडर ईयर) में सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाली महिला क्रिकेटर बनी हैं। उन्होंने 8वें ओवर की पहली बॉल पर छक्का लगाकर इस साल 972 रन बना डाले। वे 23 रन बनाकर आउट हुईं। मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया की बेलिंडा क्लार्क के 970 रन के 28 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। जो उन्होंने साल 1997 में बनाया था।
