अपनी योग्यता को नवीन तकनीकों के साथ निरंतर समय के साथ जोड़कर अंतर आत्मा की आवाज पर काम करें – ताई

इंदौर।
इंडियन इंस्टीट्यूशन ऑफ़ वेल्यूअर्स का राष्ट्रीय सेमिनार का शुभारंभ सयाजी होटल के सभागृह में शनिवार को लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष और पद्म विभूषण अलंकरण से सम्मानित श्रीमती सुमित्रा महाजन के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इंदौर में देश के 12 राज्यों के 150 से अधिक वेल्यूअर्स पहली बार इस सेमिनार में शामिल हो रहे हैं। श्रीमती महाजन ने राष्ट्र निर्माण में वेल्यूअर्स की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनसे आग्रह किया कि वे अपनी योग्यता को नवीन तकनीकों के साथ निरंतर समय के साथ जोड़कर नैतिक मूल्यों और अपनी अंतर आत्मा की जिम्मेदारी को केंद्र में रखकर काम करें। वेल्यूअर्स की भूमिका देश की अर्थव्यवस्था और बाजारवाद के मामले में बहुत महत्वपूर्ण होती है।
तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय सेमिनार के समन्वयक अरविन्द अग्रवाल वेल्यूअर ने बताया कि यह पहला मौका है जब इंडिया रजिस्टर्ड वेल्यूअर्स फाउंडेशन की मेजबानी में देश के 12 राज्यों से आए 150 से अधिक वेल्यूअर्स इस सेमिनार में शामिल हो रहे हैं। मुख्य अतिथि श्रीमती सुमित्रा महाजन ने सभी वेल्यूअर्स का देवी अहिल्या की नगरी में स्वागत करते हुए कहा कि निश्चित ही इस तरह के आयोजन ज्ञान, अनुभव और विचार विमर्श के लिए एक प्रभावी मंच के रूप में साबित होंगे। उन्होंने देशभर से आए वेल्यूअर्स के साथ समूह चित्र भी सहजता से खिंचवाया और आत्मीयता के साथ उनसे परिचय भी प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि वेल्यूअर्स का मुख्य काम सरकारी अथवा न्यायालयीन प्रकरणों में किसी भी तरह की संपत्ति के मूल्यांकन का होता है और आयकर विभाग, इडी, सीबीआई, जीएसटी से लगाकर लगभग सभी विभागों की ओर से वेल्यूअर्स को विभिन्न मामलों में मूल्यांकन के लिए नियुक्त किया जाता है। इनका कार्यक्षेत्र भी पूरा देश होता है। इंदौर के वेल्यूअर समय-समय पर देश के विभिन्न राज्यों में पहुंचकर अपनी रिपोर्ट देते हैं।
प्रारंभ में शेख अमीन, पराग कुलकर्णी एवं पुमेश बाहेती ने अपने प्रभावी उद्बोधन में अतिथियों का स्वागत करते हुए वेल्यूअर्स की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह सेमिनार अपने पेशे में गुणवत्ता, नैतिकता और तकनीकी दक्षता को सुदृढ़ करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा। अपने ज्ञान, अनुभव एवं विचार विमर्श के एक सशक्त मंच के रूप में देशभर से आए वेल्यूअर्स यहाँ 26 जनवरी तक तीन दिनों तक लगातार विभिन्न मुद्दों पर विचार मंथन करेंगे।
इंदौर आए इन वेल्यूअर्स ने सराफा और 56 दुकान पहुंचकर इंदौर के स्वाद, मौसम, मिजाज और मेहमान नवाजी का भी जी भरकर लुत्फ़ लिया। सेमिनार में रविवार को भी भारत सरकार द्वारा लागू किए गए विभिन्न अधिनियमों, प्रावधानों एवं अन्य विषयों पर वक्ताओं ने अपने प्रभावी विचार और सुझाव व्यक्त किए। विभिन्न सत्रों में हुए इस सेमिनार में सोमवार 26 जनवरी को सुबह 10 बजे राष्ट्र वन्दना के पश्चात समापन दिवस के एजेंडे पर विचार मंथन होगा। कार्यक्रम का संचालन पूजन धवलीकर ने किया और समन्वयक अरविन्द अग्रवाल वेल्यूअर ने सेमिनार में रखे गए विषयों पर प्रकाश डाला।
