इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र के मरीमाता में चोरी की एक अजीबोगरीब वारदात सामने आई है। फरियादी के घर के बाहर पाइपलाइन डालने के लिए रखीं लोहे की कीमती प्लेटें और गाडर चुराने के मकसद से आरोपी पिकअप वाहन लेकर पहुंच गया और सामान लादने लगा। आहट होने पर जब गृहस्वामी बाहर निकला और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा, तो आरोपी घबराकर गाड़ी व सामान छोड़कर भाग खड़ा हुआ। पीड़ित की शिकायत पर बाणगंगा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रâीगंज मरीमाता निवासी फरियादी नरेंद्र पिता सूरज प्रकाश वर्मा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि उनके घर के सामने पाइपलाइन डालने का निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके लिए लोहे की १० प्लेटें और करीब ३४ लोहे के गाडर बाहर रखे हुए थे। इसी दौरान मुखर्जी नगर निवासी आरोपी हेमंत एक पिकअप वाहन क्रमांक एमपी १३ एएस २५४१ लेकर आया और घर के बाहर रखा लोहे का सामान चोरीछिपे पिकअप में लोड करने लगा। गाड़ी में भारी लोहा लादने की आवाज सुनकर जब फरियादी नरेंद्र वर्मा घर से बाहर निकले, तो उन्होंने आरोपी को अपना सामान ले जाते देखा। फरियादी ने जब तुरंत टोकते हुए पूछा कि तुम मेरा सामान कहां ले जा रहे हो, तो पकड़ाए जाने के डर से आरोपी हेमंत घबरा गया और मौके से भाग निकला। फरियादी की सजगता से लाखों रुपये के लोहे के गाडर व प्लेट्स चोरी होने से बच गए।
