मध्यप्रदेश में अब मेडिकल स्टोर पर फार्मासिस्ट का रहना अनिवार्य है। गैर पंजीकृत व्यक्ति के द्वारा दवा बेचने पर कार्रवाई होगी। अगर बिना फार्मासिस्ट मेडिकल स्टोर चलाया तो 3 महीने की जेल के साथ ही 2 लाख रुपए तक जुर्माना भी देना होगा। स्टेट फॉर्मेसी काउंसिल ने निर्देश जारी कर मेडिकल स्टोर, अस्पताल और काउंसिल को चेतावनी जारी की है।
एमपी स्टेट फार्मेसी काउंसिल, भोपाल द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि फार्मेसी अधिनियम 1948 की धारा 42 के तहत केवल पंजीकृत फार्मासिस्ट ही दवाओं के वितरण या बिक्री में शामिल हो सकता है। इसके अलावा बिना डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन दवा बेचने पर भी रोक लगाई गई है। किसी भी गैर-पंजीकृत व्यक्ति द्वारा दवा बेचना गैरकानूनी है। यह निर्देश भारत सरकार के पत्र क्रमांक 19-1/2023-PCI/3854-56 दिनांक 25 अक्टूबर 2023 के संदर्भ में जारी किए गए हैं। जिसके तहत लापरवाही मिलने पर संबंधित व्यक्ति पर दो लाख का जुर्माना या तीन महीने तक की सजा का प्रावधान है।

