
बाणेश्वरी कावड़ यात्रा आज शाम शहर में, कल सुबह नगर भ्रमण
महू में तीन विधायकों ने किया आत्मीय स्वागत, आज शाम द्वारका गार्डन पर होगी अगवानी, कल सुबह से नगर भ्रमण
इंदौर महेश्वर के अहिल्या घाट से सावन के पहले सोमवार को सुबह प्रारम्भ हुई इंदौर की बाणेश्वरी कावड़ यात्रा बुधवार की शाम को मानपुर से महू पहुँच गई। महू में विधायक सुश्री उषा ठाकुर, महेंद्र हार्डिया एवं श्रीमती मालिनी लक्ष्मणसिंह गौड़ सहित अनेक भाजपा नेताओं ने यात्रा का जबरदस्त पुष्प वर्षा और बोल बम उद्घोष के बीच भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। क्षेत्र के सभी प्रमुख पार्षदों, भाजपा नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने मंच लगाकर यात्रा की अगवानी की। जगह-जगह यात्रा संयोजक एवं विधायक गोलू शुक्ला का साफा बांधकर स्वागत किया गया। यात्रा महू से गुरुवार को सुबह 9 बजे प्रारम्भ होकर राऊ होते हुए शाम 7 बजे अन्नपूर्णा रोड स्थित द्वारका गार्डन पहुंचेगी जहाँ शहर के अनेक जनप्रतिनिधि यात्रा की अगवानी करेंगे। शुक्रवार को सुबह 9 बजे से यात्रा अन्नपूर्णा मंदिर में चुनरी समर्पण एवं शिव मंदिर में पूजा अर्चना के बाद महू नाका होते हुए नगर भ्रमण पर निकलेगी।
मानपुर से सुबह 9 बजे योग, प्राणायाम, पौधरोपण एवं पूजा-अर्चना के बाद प्रारम्भ हुई बाणेश्वरी कावड़ यात्रा शाम को महू पहुंची तो तीनों विधायकों के साथ भाजपा के नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, डिजियाना समूह के डायरेक्टर तेजेंद्र सिंह घुम्मन, खजराना गणेश मंदिर के पुजारी पं. सुमित भट्ट, भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक धीरज खंडेलवाल, राजेश खंडेलवाल, दिनेश वर्मा, महेश पालीवाल, पार्षद प्रणव मंडल, राजेश पोरवाल, राजेश विजयवर्गीय, सुनील बंसल एवं अरुण पेंढारकर सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत किया। शहर की सभी सड़कों पर स्वागत मंच और तोरण द्वार लगे हुए थे। बोल बम और जय शिव और भोलेनाथ के जयघोष के बीच महू में यात्रा संयोजक गोलू शुक्ला और सभी साथियों का स्वागत हुआ। मानपुर से महू के बीच जगह-जगह मंच लगाकर कहीं पुष्प वर्षा, कहीं फलाहार, स्वल्पाहार वितरण की व्यवस्थाएं पूरे मार्ग में देखने को मिली।
यात्रा प्रभारी दीपेन्द्रसिंह सोलंकी ने बताया कि गुरुवार को महू से सुबह 9 बजे यात्रा इंदौर के लिए प्रस्थित होगी। इंदौर में यात्रा गुरुवार 6 अगस्त की शाम को अन्नपूर्णा रोड स्थित द्वारका गार्डन पहुंचेगी जहाँ भजन संध्या के पश्चात रात्रि विश्राम होगा और शुक्रवार 7 अगस्त को सुबह 9 बजे अन्नपूर्णा मंदिर में मातारानी को चुनरी समर्पण और भगवान शिव की पूजा-अर्चना के बाद यात्रा महू नाका चौराहा, लाल बाग, जयरामपुर कॉलोनी के सामने से कलेक्टोरेट होते हुए यशवंत रोड, राजवाडा पहुंचकर देवी अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद इमली बाजार, सदर बाजार, मरीमाता चौराहा होते हुए बाणगंगा से यह यात्रा रेवती रेंज पहुंचकर रात्रि विश्राम करेगी। इंदौर में विभिन्न स्थानों पर पूरे मार्ग में करीब 300 स्वागत मंच और तोरण द्वार लगाए जा रहे हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कावड़ यात्रा शुक्रवार 7 अगस्त को रेवती रेंज, 8 को पंथ पिपलई और 9 अगस्त को उज्जैन पहुंचकर रात्रि विश्राम के बाद सावन के दूसरे सोमवार, 10 अगस्त को सुबह भगवान महाकालेश्वर का जलाभिषेक किया जाएगा। इस दौरान लगभग सभी स्थानों पर यात्रा के भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं।
