

गुजरात के अहमदाबाद में 70वीं फिल्मफेयर अवॉर्ड सेरेमनी हुई। कार्तिक आर्यन को चंदू चैंपियन और अभिषेक बच्चन को फिल्म आई वॉन्ट टू टॉक के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड दिया गया। वहीं, फिल्म जिगरा के लिए आलिया भट्ट को बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला। फिल्म लापता लेडीज का दबदबा रहा। लापता लेडीज को सर्वश्रेष्ठ फिल्म, इसकी निर्देशिका किरण राव को सर्वश्रेष्ठ डायरेक्टर, अभिनेत्री नितांशी गोयल को बेस्ट डेब्यू फीमेल, रवि किशन को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर समेत 13 अवार्ड मिले। इस साल लापता लेडीज को कुल 24 नामांकन मिले हैं। ऐसा पहली बार हो रहा है कि किसी फिल्म को इतने नामांकन मिले हो। कार्यक्रम की मेजबानी शाह रुख खान, करण जौहर और मनीष पाल ने की।
वेटरन एक्ट्रेस जीनत अमान को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।अरिजीत सिंह को लापता लेडीज के गाने सजनी के लिए बेस्ट सिंगर (मेल) अवॉर्ड मिला। वहीं मधुबंती बागची को स्त्री 2 के गाने आज की रात के लिए बेस्ट सिंगर (फीमेल) अवॉर्ड मिला।
अभिनेत्री जीनत अमान और फिल्ममेकर श्याम बेनेगल (मरणोपरांत) को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस मौके पर दिवंगत अभिनेत्री नूतन और दिवंगत फिलममेकर बिमल राय को भी श्रद्धांजलि दी गई। अभिनेता दिलीप कुमार की बेजोड़ विरासत का भी जश्न मनाया। तबीयत ठीक ना होने के कारण उनकी पत्नी व अभिनेत्री सायरा बानो इस अवार्ड को लेने नहीं पहुंची। उन्होंने शाह रुख खान से यह अवार्ड लेने का निवेदन किया था। शाह रुख ने अवार्ड लेते हुए कहा कि जब मैं मुंबई में पहली बार आया था, तो दिलीप और सायरा जी ने मुझे अपने घर पर बुलाया था। दिलीप साहब ने मेरे बालों में अपना हाथ फेर कर कहा था- सायरा अगर हमारा बेटा होता, तो ऐसा होता। आज तक जो भी किया है वह उसी आशीर्वाद की वजह से किया है।
