
इंदौर,। अन्नपूर्णा रोड, दशहरा मैदान स्थित रामायण वाटिका पर 2 से 8 दिसम्बर तक होने वाली श्रीराम शौर्य कथा की प्रचार सामग्री का लोकार्पण रणजीत हनुमान मंदिर पर मुख्य पुजारी पं. दीपेश व्यास ने वैदिक मंगलाचरण के बीच किया। कथा की जोरदार तैयारियां पिछले 1 माह से चल रही हैं। अयोध्या के विश्व प्रसिद्द प.पू. शांतुन महाराज के श्रीमुख से शहर में पहली यह दिव्य महोत्सव होगा।
आयोजन के प्रमुख एवं संस्था छवि के गोपाल गोयल, अग्रवाल फाउंडेशन के किशोर गोयल एवं संजय बांकड़ा ने बताया कि सनातन धर्म के प्रचार प्रसार एवं संवर्धन के लिए आचार्य शांतनु महाराज प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक श्री राम शौर्य कथा की संगीतमय अमृतवर्षा करेंगे। मंगलवार को रणजीत हनुमान मंदिर के मुख्य पुजारी पं. दीपेश व्यास ने वैदिक मंगलाचरण के बीच इस दिव्य अनुष्ठान की सफलता की प्रार्थना करते हुए प्रचार सामग्री का लोकार्पण किया। इस मौके पर आयोजन से जुड़े संदीप गोयल (ऑटो), संतोष साबू, राजेंद्र समाधान, मुकेश ब्रजवासी, पिंकेश मोदी, विजय अग्रवाल, विजय गाडोदिया, महेश शर्मा एवं रत्नेश गोयल सहित अनेक सेवाभावी बंधु मौजूद थे।
महोत्सव में पहली बार श्रीराम शौर्य कथा के साथ गुजरात के प्रख्यात कलाकारों के सहयोग से सवा लाख रुद्राक्ष से 13 फीट ऊँचे शिवलिंग का निर्माण भी किया जाएगा, जिसका जलाभिषेक कथा के दौरान प्रतिदिन सुबह 7.30 बजे से कथा के समापन तक आम भक्त कर सकेंगे। इसकी सभी व्यवस्था एवं पूजन सामग्री कथास्थल पर निःशुल्क उपलब्ध रहेगी। कथा समापन पर प्रत्येक भक्त को प्रतिदिन प्रसाद के रूप में रुद्राक्ष भेंट किए जाएँगे। महोत्सव का शुभारंभ 2 दिसम्बर को सुबह रणजीत हनुमान मंदिर से सरयू जल कलश यात्रा के साथ होगा। यह यात्रा कथा स्थल तक जाएगी, जहाँ चार प्रवेश द्वारों के नाम राम, लक्ष्मण, भरत एवं शत्रुघ्न रहेंगे। कथा मंडप में 20 हजार श्रद्धालुओं के लिए बैठक व्यवस्था सहित पेय जल, प्रकाश, सुरक्षा, साफ-सफाई, प्राथमिक चिकित्सा, खोया-पाया केंद्र एवं पूछताछ कक्ष की सुविधाएँ भी उपलब्ध रहेंगी। धार्मिक पुस्तकों, ग्रंथों, पूजन सामग्री आदि के स्टाल्स भी लगाए जाएँगे।
