
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत हुआ सीधा जन संवाद अधिकारियों ने शासकीय संस्थाओं का किया निरीक्षण
इंदौर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार संचालित मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत आज विधानसभा क्षेत्र इंदौर-4 के झोन क्रमांक-15 द्रविड़ नगर झोन स्थित उषाराजे परिसर, उषा नगर में विशेष जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर आयोजित शिविर में विधानसभा क्षेत्र इंदौर-4 के अंतर्गत आने वाले झोन क्रमांक-2, 12, 14 एवं 15 के सभी वार्डों के नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं तथा अनेक शिकायतों का यथासंभव मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया गया। साथ ही उद्यम संवाद कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया, इसमें उद्यमियों के साथ सीधा संवाद कर उनकी सफलता के अनुभव सुने गए।
शिविर में महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, विधायक श्रीमती मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति सहित जिला प्रशासन, नगर निगम एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने क्षेत्र का भ्रमण कर शासकीय संस्थाओं, विकास कार्यों एवं आधारभूत सुविधाओं की मैदानी स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
जनसंवाद में सुनी नागरिकों की समस्याएं
जनसंवाद के दौरान नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं शिकायतें सुनी गईं। सीएम हेल्पलाइन, इंदौर 311 ऐप, जल और सड़क संबंधी समस्याओं का निराकरण किया गया। साथ ही नागरिकों के आधार अपडेशन का कार्य भी किया गया। सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की गई। लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की मैदानी स्थिति की भी समीक्षा की गई।
शासकीय मालव कन्या विद्यालय पहुंचकर कलेक्टर ने बच्चों से किया संवाद
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शासकीय मालव कन्या विद्यालय एमओजी लाइन भी पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं तथा विद्यार्थियों की आवश्यकताओं की जानकारी ली। विधायक श्रीमती मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ एवं नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल सहित अन्य अधिकारियों ने भी विद्यालय का निरीक्षण किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।
उद्यमियों से संवाद, युवाओं ने साझा किए सफलता के अनुभव
अभियान के अंतर्गत आयोजित उद्यम संवाद कार्यक्रम में क्षेत्र के उद्यमियों एवं स्टार्टअप से जुड़े हितग्राहियों ने सहभागिता कर स्वरोजगार और व्यवसाय स्थापना के अपने अनुभव साझा किए। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत लाभान्वित हितग्राहियों ने भी अपने अनुभव बताए तथा शासन के प्रति उन्होंने आभार व्यक्त किया।
उद्यमी श्री शिवम जैन ने बताया कि उन्होंने कोहिनूर इंडस्ट्री की स्थापना की है। उद्योग स्थापित करने के लिए उन्हें शासन-प्रशासन की ओर से ऋण सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उनके उद्योग में 100 से अधिक लोगों को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने उद्योग स्थापना में सहयोग के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसी प्रकार श्री कपिल अग्रवाल ने बताया कि वे पहले मुंबई में रहते थे और स्वयं का व्यवसाय शुरू करने का सपना देखते थे। व्यवसाय स्थापना के उद्देश्य से उन्होंने एमपीआईडीसी इंदौर से संपर्क किया, जहां उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन के साथ ऋण एवं सब्सिडी की सुविधा प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि शासन की सुविधाओं और प्रशासन के सहयोग से उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने में महत्वपूर्ण सहायता मिली।
स्वास्थ्य शिविर में निःशुल्क जांच और दवाइयों का वितरण
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। बड़ी संख्या में नागरिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
अधिकारियों ने किया शासकीय संस्थाओं का आकस्मिक निरीक्षण
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत अधिकारियों ने विभिन्न शासकीय संस्थाओं का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। महूनाका स्थित शासकीय पशु चिकित्सालय, शासकीय उचित मूल्य दुकान, संजीवनी क्लिनिक, वैष्णव पॉलिटेक्निक कॉलेज, आरोग्य अस्पताल, नेत्र अस्पताल, एमओजी लाइन स्थित ब्लड बैंक, स्कीम नंबर-71 स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान, महावर नगर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, केसरबाग रोड स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय तथा विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संस्थाओं में उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, सेवाओं की गुणवत्ता तथा हितग्राहियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली और आवश्यकतानुसार सुधार के निर्देश दिए।
शासन-प्रशासन को नागरिकों के और करीब लाना अभियान का उद्देश्य
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों तक शासन-प्रशासन की पहुंच को और अधिक सशक्त बनाना, क्षेत्र भ्रमण के माध्यम से समस्याओं का मौके पर समाधान करना, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना तथा नागरिकों को लोक सेवाएं निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराना है।
अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को जिले के नगर निगम, नगर परिषद एवं जनपद पंचायत क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों में जिला प्रशासन, स्थानीय निकायों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनका यथासंभव मौके पर निराकरण कर रहे हैं। विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं, लोक सेवा गारंटी से संबंधित सेवाओं एवं अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की जा रही है।
आगामी कार्यक्रम
अभियान के तहत आगामी शिविर 21 अगस्त को जनपद पंचायत सांवेर के लसूड़िया परमार, 11 सितंबर को नगर परिषद गौतमपुरा, 18 सितंबर को जनपद पंचायत महू के कांकरिया तथा 25 सितंबर को इंदौर नगर निगम के झोन क्रमांक-6 में आयोजित किए जाएंगे। अभियान जिले के निर्धारित क्षेत्रों में क्रमवार आगामी 8 जनवरी 2027 तक संचालित होगा। अभियान के दौरान जनसंवाद में प्राप्त शिकायतों के साथ-साथ सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की भी विशेष समीक्षा की जाएगी। जिन प्रकरणों का निराकरण जिला स्तर पर संभव नहीं होगा अथवा जिनमें राज्य स्तर पर निर्णय, नीति, बजट या तकनीकी स्वीकृति की आवश्यकता होगी, ऐसे मामलों में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

