
इंदौर एरोड्रम रोड, पीलियाखाल स्थित प्राचीन हंसदास मठ पर श्रावण के तीसरे सोमवार एवं नाग पंचमी के अवसर पर हंसेश्वर महादेव का नागचंद्रेश्वर के रूप में आकर्षक और मनोहारी श्रृंगार किया गया जिसके दर्शनार्थ देर शाम तक मठ परिसर में भक्तों का मेला जुटा रहा। झांकी में उज्जैन के इकलौते नागचंद्रेश्वर मंदिर में स्थापित प्रतिमा के रूप में यहाँ भी भगवान नागचंद्रेश्वर का श्रृंगार किया गया।
महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज ने बताया कि मठ पर विद्वान पंडितों ने हंस पीठाधीश्वर श्रीमहंत स्वामी रामचरणदास महाराज के सानिध्य में श्रावण मास के उपलक्ष्य में तीसरे सोमवार को हंसेश्वर महादेव का सूखे मेवे, फूलों, पत्तियों एवं सुगंधित द्रव्यों से नागचंद्रेश्वर भगवान के रूप में मनोहारी श्रृंगार किया। सुबह विद्वान आचार्यों द्वारा अभिषेक, पूजन के अनुष्ठान किए गए। इस अवसर पर मठ स्थित सभी देवालयों का आकर्षक श्रृंगार भी किया गया। मठ पर दिनभर भक्तों द्वारा पूजा-अर्चना का सिलसिला चलता रहा। संध्या को हंसेश्वर महादेव का श्रृंगार दर्शन करने के लिए भक्तों का मेला जुटा रहा। मठ स्थित सभी देवालयों का मनोहारी पुष्प श्रृंगार देखने के लिए देर रात तक भक्तों की आवाजाही बनी रही। फलाहारी प्रसाद का वितरण भी किया गया।
