इंदौर। देपालपुर थाना क्षेत्र में भैंस खरीदने का झांसा देकर एक ग्रामीण से हजारों रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात जालसाज ने पीड़ित को अपनी बातों में उलझाकर क्यूआर कोड के माध्यम से आॅनलाइन रुपये ट्रांसफर करवा लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, देपालपुर के ग्राम खांण्डिया निवासी फरियादी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि आरोपी ने भैंस बेचने के नाम पर उनसे संपर्क किया था। इसके बाद सौदा तय करने और अग्रिम राशि के बहाने आरोपी ने उनके मोबाइल पर एक क्यूआर कोड भेजा। पीड़ित को झांसे में लेकर फोन पे के माध्यम से अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल ६८ हजार ९५० रुपये अपने खाते में डलवा लिए। रुपये ट्रांसफर होने के बाद जब आरोपी ने टालमटोल शुरू की और संपर्क तोड़ दिया, तब पीड़ित को अपने साथ हुई साइबर धोखाधड़ी का एहसास हुआ। पीड़ित की रिपोर्ट पर देपालपुर थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
