
300 से अधिक युवाओं ने लिया संकल्प
इंदौर. युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत, इंदौर द्वारा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का शुभारंभ चमेली देवी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, इंदौर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय सांसद श्री शंकर लालवानी रहे।
कार्यक्रम के दौरान देशभर के युवाओं को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का प्रेरणादायी वर्चुअल संबोधन सुनाया गया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर 300 से अधिक युवाओं ने सहभागिता करते हुए नशा मुक्ति की शपथ भी ली।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने हेतु भाषण, कविता लेखन, स्लोगन लेखन, पेंटिंग, रील मेकिंग, नृत्य, संगीत एवं नुक्कड़ नाटक सहित कुल आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता, भोपाल में इंदौर जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया तथा इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का आयोजन माय भारत, इंदौर द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
