नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने नाचते-गाते की भागीदारी

इंदौर श्री सांवरिया मित्र मंडल पदयात्री संघ के तत्वावधान में श्रावण मास में व्यंकटेश विहार कॉलोनी, छोटा बांगडदा क्षेत्र में सांवरिया सेठ के भक्तों की प्रभात फेरी का नगर भ्रमण पूरे जोश एवं उत्साह के साथ किया गया।
प्रभात फेरी संयोजक बजरंग सेना के प्रदेश प्रमुख मोहनलाल बामनिया के नेतृत्व में आयोजित इस प्रभात फेरी में भक्तों का जोश और जज्बा देखते ही बनता था। राज्य के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल भी इस प्रभात फेरी में खुद को नाचने और झूमने से नहीं रोक सके। प्रभात फेरी में गणेश भिया खिचड़ीवाले के साथ घनश्याम काकानी, अनिल शर्मा, धर्मेन्द्र उपाध्याय, राजन नवलानी, अशोक शर्मा, सुरजीत गजमोरे एवं अमित बागोरा सहित बड़ी संख्या में सांवरिया सेठ के भक्त अपने परम्परागत परिधान में केसरिया दुपट्टा पहने शामिल हुए। मातृशक्ति ने भी पूरे उत्साह के साथ अपनी भागीदारी दर्ज कराई। व्यंकटेश विहार क्षेत्र में ऐसा कोई घर नहीं बचा था जहाँ प्रभात फेरी और सांवरिया सेठ का स्वागत नहीं हुआ। प्रभात फेरी की अगवानी के लिए पूरे क्षेत्र में 25 स्वागत मंच और तोरण द्वारा बनाकर पूरे मार्ग को फूलों और गुब्बारों से सजाया गया था।
25 को सांवरिया जी की पदयात्रा – संयोजक मोहनलाल बामनिया ने बताया कि अब 25 अगस्त को सुबह 8 बजे करीब 400 श्रद्धालु बड़ा गणपति चौराहा से सांवरिया जी की पदयात्रा पर प्रस्थित होंगे। इस यात्रा की भी भव्य तैयारियां राष्ट्रीय केसरिया हिन्दू वाहिनी, बजरंग सेना एवं गोपाल सांवरिया गौसेवा समिति की मेजबानी में की जा रही है।
पिछले 8 वर्षों से प्रतिवर्ष श्रावण मास में शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सांवरिया सेठ को सुसज्जित रथ में विराजित कर यह प्रभात फेरी निकाली जा रही है जिसमें नाचते-गाते-झूमते श्रद्धालु सांवरिया सेठ और भोले भंडारी की आराधना करते हुए शामिल होते हैं।
