विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव हसानी एवं सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ.जी.एस.सोढ़ी के नेतृत्व में उमंग स्वास्थ्य केंद्र के परामर्शदाता श्री यश सोलंकी ने महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव के माध्यम से नागरिकों से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता हेतु अपील की। इस अवसर पर उन्होंने लोगों को विभिन्न मानसिक बीमारियों जैसे अवसाद, तनाव आदि तथा अन्य मानसिक परेशानियों के उपचार के लिए जागरूक करते हुए बताया कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या के समाधान हेतु जिला चिकित्सालय के “मनकक्ष” एवं “उमंग स्वास्थ्य केंद्र” (आयु वर्ग 10 से 19 वर्ष) के लिए, टेली-मानस हेल्पलाइन (14416) तथा “मनहित” ऐप के माध्यम से निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त की जा सकती हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि हमें मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर खुलकर बात करनी चाहिए, ताकि इंदौर को मानसिक स्वच्छता के क्षेत्र में भी नंबर वन बनाया जा सके। इस अवसर पर वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती माला सिंह ठाकुर ने भी संदेश दिया कि मानसिक स्वास्थ्य, शारीरिक स्वास्थ्य के समान ही आवश्यक है और इन विषयों पर बिना झिझक के चर्चा करना हर व्यक्ति के लिए ज़रूरी है।
