मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश में सोयाबीन उत्पादक किसानों के लिए भावान्तर योजना लागू की गई है। राज्य सरकार इस योजना का किसानों को समुचित लाभ दिलाने के लिए संकल्पित है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिये इंदौर जिले में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने सम्बंधित अधिकारियों को दायित्व सौंपे हैं। इस योजना का लाभ प्राप्त होने के सम्बंध में देपालपुर विधानसभा के किसान रविवार को ट्रैक्टर रैली का आयोजन कर रहे हैं। वे सुबह 11 बजे रैली के रूप में देपालपुर से निकलेंगे। यहां इंदौर में कॉरिडोर पर आभार प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इस रैली को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली रूप से संबोधित भी करेंगे। दोपहर 2 बजे कॉरिडोर पर आयोजन किया जाएगा।
