इंदौर। गांधी नगर थाना क्षेत्र के अरिहंत नगर में एक 21 वर्षीय विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका ने अपने ही घर में यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट न मिलने के कारण खुदकुशी की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका का नाम चेतना पति विक्की चांदने (21)निवासी अरिहंत नगर है। परिजनों ने जब चेतना को कमरे में फांसी के फंदे पर लटका देखा, तो घर में कोहराम मच गया। आनन-फानन में उसे फंदे से नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस को प्राथमिक जांच में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिसके चलते नवविवाहिता द्वारा उठाए गए इस कठोर कदम के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों और पति के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बयानों के आधार पर ही आत्महत्या के सही कारणों का पता चल सकेगा।
