
जानकी नगर स्थित स्कूल में महिला प्रकोष्ठ अग्रवाल समाज, लव यू जिन्दगी एवं एवं रोटरी क्लब की मेजबानी में मना शिक्षक दिवस
इंदौर महिला प्रकोष्ठ अग्रवाल समाज, लव यू जिन्दगी एवं द रोटरी क्लब ऑफ़ रॉयल्स इंदौर के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को जानकी नगर स्थित टेलेंट हा. से. स्कूल में 150 से अधिक बच्चों ने प्रख्यात कलाकार अर्पिता बंसल से मिटटी के गणेश बनाने का प्रशिक्षण भी लिया और शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय के शिक्षकों का सम्मान भी किया।
कार्यशाला में पिछले 26 वर्षों से बच्चों को इको-फ्रेंडली गणेश बनाने का प्रशिक्षण दे रहीं अर्पिता बंसल ने महाराष्ट्र से बुलवाई गई विशेष मिटटी से बच्चों को गणेशजी की प्रतिमा बनाने, उसे सुंदर रंगों से श्रृंगारित करने के साथ ही गणेशजी की पूजा अर्चना की विधि भी अपने दिलचस्प अंदाज में बताई। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के संचालक किशोर गुप्ता के स्वागत उद्बोधन से हुआ। प्रकोष्ठ की प्रमुख प्रतिभा मित्तल ने बताया कि इस मौके पर शिक्षा के क्षेत्र में पिछले 40 वर्षों से लगातार समर्पित आभा आनंद सहित अन्य शिक्षकों का भी सम्मान किया गया। रोटरी क्लब ऑफ़ रॉयल्स इंदौर की अध्यक्ष डॉ. सुनैना खन्ना, सचिव जगप्रीत सिंह, महिला प्रकोष्ठ की ओर से श्वेता बिंदल एवं गरिमा गुप्ता ने सभी मेहमानों का स्वागत किया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ करीब डेढ़ घंटे चली इस कार्यशाला में भाग लिया और मिटटी के गणेश बनाकर प्रसन्नता और संतुष्टि भी महसूस की। समापन अवसर पर बच्चों ने गणेशजी के गीत और भजन पर नृत्य भी किया और जयकारे भी लगाए। प्रसाद के रूप में बच्चों को लड्डू वितरण भी किया गया।
श्रीमती आभा आनंद ने कहा कि तकनीक और एआई का उपयोग आज के दौर में उपयोगी तो है लेकिन हमें अपने मस्तिष्क और अपनी रचनात्मक सोच का प्रयोग करना कभी नहीं छोड़ना चाहिए। बच्चे स्वयं सोचें, स्वयं सीखें और अपनी बौद्धिक क्षमता को विकसित करें तो यह समाज और राष्ट्र के हित में सार्थक प्रयास होगा।
