आठ सुपर भट्टियों पर 20 रसोइये 5 दिनों तक लगातार तैयार करेंगे मोदक प्रसाद

इंदौर खजराना स्थित सिद्धि विनायक गणेश मंदिर पर इस बार भी खजराना गणेश को भक्त मंडल की ओर से सवा लाख मोदक का प्रसाद समर्पित किया जाएगा। इसके लिए भक्त मंडल की ओर से मंगलवार से मंदिर पर मोदक निर्माण के काम का शुभारंभ मंदिर के मुख्य पुजारी पं. अशोक भट्ट एवं पं. पुनीत भट्ट द्वारा वैदिक मंगलाचरण के बीच किया गया। भक्त मंडल की ओर से वरुण पार्थ बागड़ी, कविश गोयल, सुभाष नायक एवं दिलीप सर के साथ मंदिर के प्रबंधक घनश्याम शुक्ला, सहायक गौरीशंकर मिश्रा एवं भक्त मंडल से जुड़े अनेक श्रद्धालु इस मौके पर उपस्थित थे।
श्री सिद्धि विनायक भक्त मंडल के अरविंद बागड़ी एवं कैलाश पंच ने बताया कि शहर के प्रसिद्ध रसोइये खेमजी महाराज और उनके 20 सहयोगी मंगलवार से 8 सुपर भट्टियों पर मोदक निर्माण में जुट गए हैं। मोदक का निर्माण पूरे 5 दिनों तक लगातार 13 सितम्बर की रात तक चलेगा। 14 सितम्बर को सुबह 10 बजे मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर शिवम वर्मा तथा मंदिर प्रशासक एवं निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में ध्वजा पूजन के साथ गणेशजी को सवा लाख मोदक का भोग समर्पित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मोदक प्रसाद के निर्माण में 1100 किलो मैदा, 40 टीन डिब्बे शुद्ध घी (करीब 620 किलो), 500 किलो गुड़ सफेद, 400 किलो तिल्ली सफेद, 400 किलो मूंगफली दाना एवं 40 किलो खोपरा बूरा का प्रयोग किया जा रहा है। मोदक प्रसाद का वितरण 50 बड़ी परातों एवं 100 ट्रे की मदद से मंदिर आने वाले गणेश भक्तों में किया जाएगा। ध्वजा पूजन के बाद कलेक्टर एवं निगमायुक्त तथा अन्य अतिथियों द्वारा भक्तों में मोदक प्रसाद वितरण का शुभारंभ भी किया जाएगा।
