श्री अग्रवाल महासभा की मेजबानी में संपन्न हुए परिचय सम्मेलन में हजारों समाज बंधुओं ने ली मूक परिंदों की सेवा की शपथ-सकोरों का वितरण

इंदौर श्री अग्रवाल महासभा द्वारा समाजसेवी स्व. मिश्रीलाल गोयल की स्मृति में गांधी हाल पर चल रहे तीन दिवसीय अ.भा. युवक युवती परिचय सम्मेलन में सोमवार को समापन दिवस पर 140 से अधिक रिश्तों पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। सोमवार को विशिष्ट श्रेणी के प्रत्याशियों सहित 220 प्रत्याशियों ने मंच पर पहुंचकर अपने परिचय दिए। नतीजा यह रहा कि इस सम्मेलन में शनिवार को 170, रविवार को 460 और सोमवार को 220 सहित कुल 850 प्रत्याशियों ने मंच पर पहुंचकर अपने भावी जीवनसाथी से अपनी अपेक्षाएं बताई। सांझ ढलते-ढलते करीब 140 रिश्तों पर दोनों पक्षों के पालकों में मंत्रणा शुरू होने की सूचना मिली। समापन दिवस पर हजारों समाज बंधुओं ने उज्जैन से आए ज्योतिषाचार्य पं. नवीन पंड्या के मुख्य आतिथ्य में ग्रीष्मकाल में मूक परिंदों की सेवा के लिए अपने घर-आँगन और आसपास दाना-पानी रखने का संकल्प लिया, वहीं आयोजन समिति की ओर से समाज बंधुओं को परिंदों की सेवा के लिए सकोरे भी भेंट किए गए। सुबह से शाम तक देश के 12 राज्यों से आए मेहमानों और प्रत्याशियों ने खुलकर इस सम्मेलन की व्यवस्थाओं की सराहना की।
महासभा के समन्वयक संतोष गोयल, अध्यक्ष डॉ. सतीश गोयल, महामंत्री अजय बंसल एवं मनीष जैन ने बताया कि सोमवार को सम्मेलन की कार्रवाई का शुभारंभ 27 वर्ष पूर्व इसी गाँधी हॉल में आयोजित परिचय सम्मेलन में तय रिश्ते के आधार पर विवाह करने वाले कन्नौद के इंदु-विष्णु गोयल दम्पत्ति एवं खंडवा के संतोष अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन का चित्र पूजन कर किया। गोयल दम्पत्ति इस बार अपनी बेटी के लिए योग्य वर की तलाश में इस परिचय सम्मेलन में आए थे। दिनभर चले परिचय के दौर में विशिष्ट श्रेणी के परित्यक्ता, विधवा-विधुर, तलाकशुदा एवं अन्य प्रत्याशियों सहित 220 प्रत्याशियों ने मंच पर पहुंचकर अपने परिचय दिए। अतिथियों का स्वागत समाजसेवी शैलेन्द्र मित्तल उज्जैन, एलबी अग्रवाल, नवीन गोयल, श्याम गोयल, रमेश तायल, श्याम सुंदर तायल सेंधवा, बबलू तायल सेंधवा तथा मातृशक्ति की ओर से उर्मिला गोयल, पुष्पा गुप्ता, पिंकी अग्रवाल, प्रियंका अग्रवाल, चंचल अग्रवाल, राखी मित्तल एवं नीना बदरुका ने किया।
दिनभर चले परिचय के दौर के पश्चात शाम ढलते-ढलते रिश्तों पर बातचीत का दौर शुरू होने की सूचनाएं मिलने लगीं और समापन बेला तक कुल 140 रिश्तों पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत का दौर शुरू होने की सूचना मिल चुकी थी। इस बीच उज्जैन से आए ज्योतिषाचार्य पं. नवीन पंड्या और इंदौर के पं. घनश्याम शर्मा के पास दिनभर कुंडली मिलाने के लिए प्रत्याशियों एवं पालकों का मजमा लगा रहा। मंच से परिचय देते हुए अधिकांश युवक प्रत्याशियों ने अपने समकक्ष जॉब वाली युवतियों को प्राथमिकता देने की बात कही, वहीं युवतियों ने भी अपने लिए आईटी, एमबीए, एमसीए, सीए और अन्य उच्च शिक्षित प्रत्याशियों में दिलचस्पी व्यक्त की।
सम्मेलन स्थल पर युवक-युवती के सम्पर्क के लिए अलग से परामर्श कक्ष बनाया गया था, जहां दिनभर मेल-मुलाकात का दौर चलता रहा। प्रत्याशियों के परिचय की कमान रोज की तरह आज भी पिंकी अग्रवाल, विनोद अग्रवाल जावरा ने संभाली। अंत में समन्वयक संतोष गोयल ने आभार माना। सम्मेलन में आने वाले प्रत्याशियों एवं पालकों ने सम्मेलन स्थल पर की गई भोजन, स्वल्पाहार, चाय एवं कूलर-पंखे की समुचित व्यवस्थाओं के लिए आयोजकों एवं कार्यकर्ताओं की खुले मन से प्रशंसा की। अधिकांश पालकों ने आयोजन के सूत्रधार संतोष गोयल को उन्हें बधाई देते हुए इतनी सुंदर व्यवस्थाओं के लिए धन्यवाद भी दिया।
