शनिवार दोपहर कनाडिया बायपास पर बाइक सवार सुरेंद्र सिंह की ट्रक की टक्कर से मृत्यु हो गई । आगे निकलने की होड में ट्रक चालक ने बाइक को ऐसी टक्कर मारी कि सुरेंद्र सिंह फंसे रह गए और उनका बांया पैर कट कर अलग हो गया । अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक तो जब्त कर लिया पर चालक फरार हो गया।
कनाड़िया टीआई सहर्ष यादव के अनुसार घटना फीनिक्स सिटाडेल माल के समीप की है। मानसरोवर नगर(देवगुराड़िया) निवासी 50 वर्षीय सुरेंद्र पुत्र माणकलाल सिंह की हादसे में मौत हुई है। सुरेंद्रसिंह और उनकी पत्नी बसंताबाई शिप्रा से रिश्तेदार के घर गमी से लौटते वक्त पीछे से आ रहे ट्रक ने सुरेंद्र की बाइक को टक्कर मारी और आगे निकल गया। सुरेंद्र असंतुलित होकर गिर गए और ट्रक के पहियों में फंस गए। करीब 25 फीट दूर जाकर ट्रक रुका लेकिन तब तक सुरेंद्र का बांया पैर कट कर अलग हो गया।
बसंताबाई को रोता देख एक कॉलेज छात्रा और ऑटो चालक रुका और सुरेंद्र को खींच कर निकाला। पुत्र नरेंद्र के अनुसार अस्पताल ले जाते वक्त पिता ने आटो रिक्शा में दम तोड़ दिया। उनके पैर से काफी खून बह गया था। सुरेंद्रसिंह पीएफ कार्यालय में काम करते थे। उनके दो बेटी और दो बेटे है। बेटे का दूध का व्यवसाय है।
