बिहार चुनाव में भाजपा इस बार युवा और नए चेहरों को अवसर देने के मूड में है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि जनता अब नए नेतृत्व की ओर देख रही है। इसलिए, कई मौजूदा विधायकों का टिकट कटना लगभग तय माना जा रहा है। उम्मीदवार चयन में सामाजिक संतुलन, स्थानीय समीकरण और जीत की संभावना को प्राथमिकता दी जा रही है।दिल्ली से लौटे भाजपा नेताओं के अनुसार, पार्टी ने कुछ संभावित उम्मीदवारों को पहले ही नामांकन की तैयारी शुरू करने के निर्देश दे दिए हैं। भाजपा प्रदेश संगठन बूथ स्तर पर चुनावी तैयारियों में जुटा हुआ है, ताकि टिकट घोषणा के तुरंत बाद उम्मीदवार मैदान में सक्रिय हो जाएं।
बिहार भाजपा ने विधानसभा चुनाव 2025 के लिए प्रत्याशियों की सूची तैयार कर ली है और अब बस दिल्ली में अंतिम स्वीकृति का इंतजार है। सूत्रों के मुताबिक, रविवार शाम को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय चुनाव समिति एवं संसदीय बोर्ड की बैठक में सूची पर अंतिम मुहर लगने की उम्मीद है। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, बिहार प्रभारी विनोद तावड़े, और चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
