
श्योपुर जिले के मेला ग्राउंड पर हुए भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 532 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। श्योपुर जिले के पर्यटन पर केन्द्रित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव श्योपुर में लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत एक करोड़ 26 लाख से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में लाड़ली बहना योजना की 29वीं किस्त की 1541 करोड़ की राशि का अंतरण किया ।इंदौर जिले में लाड़ली बहना योजना के तहत अक्टूबर माह की राशि 1250 रुपये के मान से कुल 439951 महिलाओं को 54 करोड़ 99 लाख 38 हजार 750 रूपये की राशि का भुगतान किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अंतर्राज्यीय परियोजना पार्वती-काली-सिंध चंबल नदी जोड़ो परियोजना का लाभ श्योपुर अंचल के किसान भाइयों को प्राप्त होगा। आपने कहा की गेहूँ पर 2600 रुपए प्रति क्विंटल और बोनस राशि की व्यवस्था की गई, वहीं भावांतर जैसी योजनाएं किसानों के आर्थिक हित संवर्धन के लिए लागू की गई हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा श्योपुर अंचल को मेडिकल कॉलेज के रूप में बड़ी सौगात मिली है।वर्तमान में प्रदेश में मेडिकल कॉलेज की संख्या 32 है। यह प्रदेश सरकार की विशिष्ट कार्यशैली का परिणाम है। बीते एक वर्ष में 8 मेडिकल कॉलेज स्थापित हुए हैं। आपने कहा की शीघ्र ही नर्सिग और पैरामेडिकल कॉलेज भी बनाए जाएंगे। ब्रॉड गेज रेल लाइन की सौगात से भी इस क्षेत्र के विकास के द्वार खुलेंगे ।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा की कुनो में चीते लुप्त हो गए थे। चीतों को बसाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। चीतों की पुनर्स्थापना का कार्य श्योपुर में पर्यटन के माध्यम से रोजगार से स्थानीय निवासियों के जीवन में आर्थिक समृद्धि लाने का आधार बना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्योपुर क्षेत्र में दाल मिल, चावल मिल के प्रारंभ करने की पहल की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. सिंह यादव ने श्योपुर नगर के सौंदर्यीकरण और ट्रांसपोर्ट नगर बनाने से संबंधित अनेक कार्यों के लिए स्वीकृति दी। जिसके अंतर्गत श्योपुर में ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण, ढोढर में सांदीपनि विद्यालय का निर्माण, सलापुरा से मातासूला तक रोड का निर्माण कराया जायेगा, एवं कदवाल नदी के घाटो का सौन्दर्यीकरण किया जायेगा, जिसमें गुप्तेश्वर, सोनेश्वर, पंडित घाट और जाति घाट आदि शामिल हैं।
इस अवसर पर श्योपुर में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का अभूतपूर्व स्वागत हुआ। समाज के सभी वर्गों के लोगों ने मुख्य मार्गों से सभा स्थल तक भव्य स्वागत किया । , पुष्प मालाओं और पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत किया और श्यौपुर के विकास के लिए उठाए गए कदमों के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश की जनता के उत्थान में सक्रिय हैं। उन्होंने आज 532 करोड़ रुपए की लागत से सड़कों, सामुदायिक भवनों, स्कूलों और कॉलेजों से संबंधित लोकार्पण और शिलान्यास किए हैं। कार्यक्रम में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा और जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश शुक्ला, सांसद श्री शिव मंगल सिंह तोमर, अध्यक्ष सहरिया विकास प्राधिकरण श्री सीताराम, उपाध्यक्ष सहरिया विकास प्राधिकरण श्री तुरसनपाल बरैया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गु्डडी बाई, पूर्व मंत्री श्री रामनिवास रावत, पूर्व विधायक श्री दुर्गा लाल विजय एवं श्री ब्रजराज सिंह चौहान, जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं लाड़ली बहने मौजूद रहीं।
