श्री अग्रोहा कपल ग्रुप एवं जय दादी दरबार के तत्वावधान में नर्मदापुरम के कलाकार इस वर्ष भी देंगे अपनी मनोहारी प्रस्तुतियां

इंदौर, महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के शहर में चल रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में नवलखा स्थित अग्रसेन प्रतिमा स्थल पर शुक्रवार 9 अक्टूबर को शाम 7 बजे से श्री अग्रोहा कपल ग्रुप एवं जय दादी दरबार के तत्वावधान में इस बार भी 40 महिला संगठनों द्वारा महाराजा अग्रसेन की महाआरती का दिव्य आयोजन मां गंगा और नर्मदा के तट पर होने वाली मनोहारी महाआरती की तर्ज पर होगा। नर्मदापुरम के प्रख्यात पं. अविनाश मिश्रा एवं उनके आठ कलाकार इस महाआरती की प्रस्तुति देंगे। इस मौके पर समाज की युवतियों और महिलाओं के लिए पूजा की थाली सजाने की आकर्षक स्पर्धा भी होगी।
आयोजन समिति की प्रमुख संयोजक संगीता अरविंद बागड़ी ने बताया कि महाआरती के इस आयोजन में पितृ पुरुष महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का फूलों एवं विद्युत सज्जा से आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। प्रतिमा की सजावट के लिए कोलकाता से विभिन्न किस्म के फूलों और माला के अलावा अन्य श्रृंगार सामग्री भी बुलवाई जा रही है। हरिद्वार में हर की पौड़ी और नर्मदापुरम में सेठानी घाट पर होने वाली आरती की तर्ज पर इंदौर में भी गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी 500 से अधिक महिलाएं और युवतियां अपने-अपने घरों से पूजा की थालियां सजाकर लाएंगी और अपने पितृ पुरुष की महाआरती करेंगी। शहर के 40 से अधिक महिला संगठन इस अनूठे आयोजन में अपनी भागीदारी दर्ज कराएंगे। समूचे उत्सव की कमान मातृशक्ति ही संभालेंगी। कार्यक्रम किरण तायल, निर्मला जिंदल, ज्योति अग्रवाल, राधादेवी मित्तल, उषा बंसल, पुष्पा गुप्ता, शीतल तोड़ीवाला, तृप्ति गोयल, सुनीता कंदोई, कविता-दिलीप गर्ग, शीतल-रवि अग्रवाल, स्वाति-राजेश मंगल, आभा अग्रवाल, अनामिका अग्रवाल, पिंकी अग्रवाल सहित विभिन्न महिला संगठनों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि सभी व्यवस्थाओं का प्रभार श्री अग्रवाल सांस्कृतिक मंच नंदानगर के पदाधिकारी एवं प्रहलाद अग्रवाल दादा और कार्यकर्ता संभालेंगे।
