
इंदौर राष्ट्रसंत प.पू. सुधासागर म.सा. के सानिध्य में शहर में पहली बार महाराजश्री द्वारा रचित दीपावली पूजन के पाने का विमोचन दलाल बाग स्थित विद्या-सुधा मंडप में मांगलिक क्रियाओं के बीच सम्पन्न हुआ।
दिगम्बर जैन समाज सामाजिक संसद युवा प्रकोष्ठ इंदौर के अध्यक्ष राहुल सेठी, मार्गदर्शक सोनम जैन, महासचिव गौरव पटौदी एवं कार्याध्यक्ष सुयश जैन ने बताया कि बाल ब्रह्मचारी महावीर भैयाजी के निर्देशन में सभी मांगलिक क्रियाओं के बीच समाज के वरिष्ठजनों ने दीपावली पूजन पाने का लोकार्पण किया। राष्ट्रसंत प.पू. सुधासागर म.सा. द्वारा रचित यह पूजन पाना युवा एवं महिला प्रकोष्ठ द्वारा सभी समाजजनों को घर-घर पहुँचाया जाएगा, जहाँ दीपावली पर इसका पूजन होगा।
इस पूजन पाने के पुण्यार्जक अभिषेक जैन अभिनन्दन परिवार ने बताया कि मुनिश्री ने पूजन पाने में मुख्य रूप से चौसठ रिद्धियों के प्रतीक, सोलह कारण भावना, रत्नत्रय के प्रतीक चारों ग्रन्थ, प्राकृत भाषा का ओम, तीन लोक का चित्र, श्रीका पर्वत, दो मंगल कलश, भगवान महावीर स्वामी एवं गौतम गणधरजी के चित्र के साथ सिद्धशिला एवं आचार्य प.पू. विद्यासागर महाराज एवं राष्ट्रसंत सुधासागर म.सा. के चित्र भी अंकित किए गए हैं। दीपावली पर शहर के सभी दिगम्बर जैन परिवारों में इस पाने का पूजन होगा।
